वाराणसी में बेकाबू थार का कहर, दो दुकानों में घुसी; बाइक क्षतिग्रस्त, एक घायल
वाराणसी के चौबेपुर चौराहे पर शुक्रवार शाम एक बेकाबू थार एसयूवी ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और ...और पढ़ें

चौबेपुर में बेकाबू थार का तांडव, दो दुकानों में घुसी; एक घायल, बड़ा हादसा टला।
HighLights
बेकाबू थार ने चौबेपुर चौराहे पर मचाया कहर।
दो दुकानों और एक मोटरसाइकिल को पहुंचाया नुकसान।
दुर्घटना में एक युवक घायल, पुलिस ने चालक को पकड़ा।
दैनिक जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। चौबेपुर कस्बे के प्रमुख चौराहे पर शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गाजीपुर की ओर से आ रही एक थार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए लाई-चूड़ा, गट्टा और खाजा की दो दुकानों में जा घुसी।
हादसे में मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दुकानों का सामान बिखर गया और दो चौकियां टूट गईं। दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया। गनीमत रही कि नवरात्र के चलते चौराहे पर भीड़भाड़ होने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, थार की चपेट में आने से रमेश सोनकर की सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वाहन दो दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों में रखा सामान इधर-उधर बिखर गया और दो चौकियां टूट गईं। हादसे में हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
एक युवक घायल, महिला बाल-बाल बचीं
इस दुर्घटना में दुकानों के पास खड़े पंकज सोनकर पुत्र कैलाश सोनकर घायल हो गए। उन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं, कुणाल जायसवाल की दुकान पर बैठीं उनकी मां बिंदु देवी हादसे में बाल-बाल बच गईं। दूसरी दुकान बबलू जायसवाल की बताई गई है।
भीड़भाड़ वाले चौराहे पर मची अफरा-तफरी
नवरात्र के चलते चौबेपुर चौराहे पर लोगों की काफी आवाजाही थी। ऐसे में अचानक बेकाबू थार के दुकानों में घुसने से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोग कुछ देर के लिए सहम गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में थोड़ी सी भी चूक बड़ी जनहानि का कारण बन सकती थी।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने थार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
