आत्महत्या के आ रहे हैं विचार? मानसिक चिकित्सालय में 24 घंटे सक्रिय टेली मानस सेल कर रहा उपचार, नोट कर लें नंबर भी
पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय परिसर में संचालित टेली मानस सेल लोगों के अकेलेपन, तनाव और आत्महत्या के विचारों को दूर ...और पढ़ें
HighLights
टेली मानस सेल 24 घंटे टोल फ्री नंबर 14416 पर उपलब्ध।
युवाओं में प्रेम संबंध, कर्ज, परीक्षा तनाव प्रमुख समस्याएँ।
काउंसलिंग से आगरा, बरेली, वाराणसी, मऊ में बची जानें।
सोनू सिंह, जागरण, वाराणसी। भागदौड़ भरी जिंदगी और एकल परिवारों के बढ़ते चलन के बीच लोगों में अकेलेपन की समस्या बढ़ रही है। सुख-दुख साझा करने के लिए करीबी दोस्तों और भरोसेमंद लोगों की कमी के कारण मानसिक तनाव, चिंता, हताशा, निराशा और नशे की प्रवृत्ति जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
कई लोग भ्रम की स्थिति में पहुंचकर आत्महत्या तक के विचार करने लगते हैं। ऐसे लोगों के लिए पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय परिसर में संचालित टेली मानस सेल उम्मीद की किरण बन रहा है। यहां 24 घंटे टोल फ्री नंबर 14416 पर मानसिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को परामर्श दिया जा रहा है।
टेली मानस सेंटर वाराणसी के इंचार्ज एवं काउंसलर पीएसडब्ल्यू पंकज यादव के अनुसार, केंद्र पर प्रतिदिन करीब 100 तक कॉल आती हैं। इनमें 16 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं की संख्या अधिक है। कम उम्र में प्रेम संबंध बनने और फिर रिश्तों में आई खटास, कर्ज का दबाव तथा परीक्षा में अच्छे अंक लाने की चिंता जैसे मामले प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। कई मामलों में परिस्थितियां इतनी गंभीर हो जाती हैं कि संबंधित व्यक्ति आत्महत्या करने के बारे में सोचने लगता है।

चार गंभीर मामलों में काउंसिलिंग से बचाई गई जान
पंकज यादव ने बताया कि टेली मानस सेंटर पर हाल ही में चार ऐसे मामले आए, जिनमें संबंधित व्यक्ति आत्महत्या करने पर उतारू थे। समय रहते काउंसलिंग कर उन्हें संभाला गया और उनकी जान बचाने में मदद मिली।
पहला मामला आगरा का: यहां 24 वर्षीय महिला की शादी उससे लगभग दोगुनी उम्र के व्यक्ति से हुई थी। महिला का एक वर्ष का बेटा भी है। उम्र के अंतर और आपसी अनबन के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी। काउंसलिंग के दौरान उसे अपनी रुचि के अनुसार डांस करने, संगीत सुनने और घूमने-फिरने जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
दूसरा मामला बरेली का: यहां 18 वर्षीय युवक का पड़ोस की एक लड़की से प्रेम संबंध था। दोनों कम उम्र से ही एक-दूसरे के करीब थे। बाद में लड़की के संबंध से दूर होने के कारण युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसके मन में आत्महत्या के विचार आने लगे। काउंसलिंग के माध्यम से उसे स्थिति से उबरने और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ने के लिए समझाया गया।
तीसरा मामला वाराणसी का: यहां कर्ज के बोझ से परेशान एक व्यक्ति आत्महत्या करने के विचार तक पहुंच गया था। टेली मानस टीम ने उसकी काउंसलिंग कर मानसिक तनाव से उबरने में मदद की।
चौथा मामला मऊ का: यहां इंटरमीडिएट की परीक्षा नजदीक होने और तैयारी अच्छी नहीं होने के कारण एक छात्र तनाव में था। परिवार की ओर से अच्छे अंक लाने की अपेक्षा ने उसकी चिंता और बढ़ा दी थी। वह आत्महत्या के बारे में सोचने लगा था। काउंसलिंग के जरिए उसे समझाया गया और उसकी मानसिक स्थिति संभालने का प्रयास किया गया।

प्रदेश में चार केंद्रों से मिल रही सुविधा
पंकज यादव ने बताया कि टेली मानस सेवा के तहत प्रदेश में वाराणसी, गोरखपुर, बरेली और आगरा में चार केंद्र बनाए गए हैं। टोल फ्री नंबर पर कॉल करने वाले व्यक्ति की समस्या के अनुसार उसे संबंधित नजदीकी केंद्र से जोड़ा जाता है। यहां प्रशिक्षित काउंसलर लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें उचित परामर्श देते हैं। गंभीर मानसिक तनाव और आत्महत्या के विचार आने जैसी स्थितियों में समय रहते मदद मिलने से कई लोगों को संकट से उबरने में सहायता मिलती है।
आत्महत्या के विचारों को नजरअंदाज न करें
मानसिक तनाव की स्थिति में कुछ लोगों के मन में खुद को नुकसान पहुंचाने, चाकू से हमला करने या छत से कूदने जैसे खतरनाक विचार आने लगते हैं। ऐसे संकेतों को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। संबंधित व्यक्ति को अकेला छोड़ने के बजाय उसकी बात धैर्यपूर्वक सुनना, भरोसा देना और विशेषज्ञ की मदद दिलाना जरूरी है।
संपर्क करें, पाएं जिंदगी
मानसिक परेशानी होने पर टेली मानस के टोल फ्री नंबर 14416 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है। समय पर बातचीत और उचित परामर्श से मानसिक संकट से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सकती है।
