आईआईटी बीएचयू में हरजस कौर को प्रेसिडेंट मेडल, तनिषा के खाते में छह गोल्ड
आईआईटी बीएचयू के 15वें दीक्षांत समारोह में बीटेक छात्रा हरजस कौर को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल ...और पढ़ें

आईआईटी बीएचयू दीक्षांत समारोह: हरजस कौर को प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल, तनिषा अग्रवाल ने जीते छह स्वर्ण।
HighLights
हरजस कौर को प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल, 15 सम्मान प्राप्त।
तनिषा अग्रवाल ने छह गोल्ड मेडल सहित नौ पुरस्कार जीते।
आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आईआईटी बीएचयू के 15वें दीक्षांत समारोह में बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की छात्रा हरजस कौर को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। वह संस्थान के मेडल एवं पुरस्कार विजेताओं में सबसे आगे हैं। उनके खाते में 15 सम्मान दर्ज हैं।
वहीं, बीटेक केमिकल इंजीनियरिंग की तनिषा अग्रवाल ने छह गोल्ड मेडल सहित नौ पुरस्कार हासिल किए हैं। सिविल इंजीनियरिंग की रेशमा खातून और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की श्रेया श्रीवास्तव को सात-सात, जबकि मैकेनिकल इंजीनियरिंग के जतिन अग्रवाल को छह पुरस्कारों के लिए चुना गया है।
हरजस को प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल
हरजस कौर को बीटेक की सभी शाखाओं में उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन के लिए प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल मिलेगा। उनके नाम सूची में 15 सम्मान दर्ज हैं, जिनमें 10 गोल्ड मेडल और एक सिल्वर मेडल शामिल हैं। उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में प्रथम स्थान और बीटेक की सभी शाखाओं में सर्वाधिक अंक हासिल करने सहित विभिन्न उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
तनिषा को छह गोल्ड मेडल
बीटेक केमिकल इंजीनियरिंग की तनिषा अग्रवाल को नौ पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इनमें छह गोल्ड मेडल शामिल हैं। उन्हें विभाग में प्रथम स्थान, सर्वाधिक सीपीआइ और छात्राओं में सर्वाधिक सीपीआइ सहित विभिन्न उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। सिविल इंजीनियरिंग की रेशमा खातून को सात पुरस्कार मिलेंगे। इनमें शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के मेधावी विद्यार्थी के लिए निर्धारित सम्मान भी शामिल हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की श्रेया श्रीवास्तव को भी सात पुरस्कारों के लिए चुना गया है।
प्रतीक और लखदीव को डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल
बीटेक के विद्यार्थियों में सर्वांगीण प्रदर्शन, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल के लिए प्रतीक त्रिपाठी को डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। बीआर्क और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री के विद्यार्थियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखदीव मेहुलकुमार राजकुमार को यह सम्मान मिलेगा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के जतिन अग्रवाल को छह पुरस्कारों के लिए चुना गया है, जबकि मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग की अपूर्वा कशिश को चार मेडल के साथ एक लाख रुपये का आदित्य कुमार अवस्थी एंडोमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।
आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित होगा। इसमें विभिन्न स्नातक, परास्नातक और शोध कार्यक्रमों के 2048 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि होंगे।
