आजमगढ़ में ग्राम प्रधान को मारी गोली, गंभीर अवस्था में वाराणसी रेफर
अाजमगढ़ में तहबरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते कुछ मनबढ़ों ने रामपुर सुदी चक के ग्राम प्रधान मंजूर उर्फ मकबूल को गोली मार दी।
आजमगढ़, जेएनएन। तहबरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते कुछ मनबढ़ों ने रामपुर सुदी चक के ग्राम प्रधान मंजूर उर्फ मकबूल को गोली मार दी। गोली लगने के बाद ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाॅक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना के बाद ग्राम प्रधान के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाद काफी समय से चल रहा है। पहले भी कई बार हमला किया गया था, जिसमें मकबूल बच गए थे। अगर पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो ऐसी घटना नहीं होती। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। इस बाबत जांच की जा रही है। जो भी घटना में शामिल हैं उनको बक्शा नहीं जायेगा। एसपी ग्रामीण ने दावा किया है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।