मैथिल समाज बनारस अब होगा प्रदेश स्तरीय, जरूरतमंदों के लिए खोलेगा विद्यापति अनाज बैैंक
मैथिल समाज बनारस अब होगा प्रदेश स्तरीय जरूरतमंदों के लिए खोलेगा विद्यापति अनाज बैैंक।
वाराणसी, जेएनएन। मैथिल समाज बनारस अपनी सेवा गतिविधियों को पूरे प्रदेश में विस्तार देगा। नाम में बनारस की जगह उत्तर प्रदेश जोड़ा जाएगा। संस्था के बाइलाज अनुसार क्षेत्राधिकार को देखते हुए कार्य क्षेत्र को बढ़ाया गया है। इसका निर्णय पदाधिकारियों की आनलाइन बैठक में लिया गया। इस दौरान तीन प्रस्ताव पारित किए गए। तय किया गया कि समाज की ओर से विद्यापति अनाज बैैंक खोला जाएगा। इसके जरिए असहायों, बेरोजगारों समेत जरूरतमंदों को अन्न दिया जाएगा।
संस्थापक अध्यक्ष निरसन कुमार झा एडवोकेट ने बताया कि मैथिल समाज 118 दिनों से लगातार जरूरतमंदों में विद्यापति किट वितरित कर पांच दिन का राशन दे रहा है। कोराना संक्रमण के प्रसार, बेरोजगारी व पलायन के हालात को देखते हुए सेवा कार्य प्रसार के लिहाज से अनाज बैैंक खोला जा रहा है। साथ ही कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रसिद्ध पाश्र्व गायक मिथिला रत्न डा. विजय कपूर को दी जा रही है। आनलाइन बैठक में समाज के सचिव दास पुष्कर, महासचिव भोगेन्द्र झा, उपाध्यक्ष सुधीर चौधरी, कोषाध्यक्ष डा. विजय कपूर, डा. कमलेश झा, गौतम कुमार झा एडवोकेट आदि लोग शामिल थे।
मैथिल समाज अब तक सिर्फ बनारस में कार्य कर रहा था। इसके जरिए मिथिला की संस्कृति, साहित्य और संगीत को प्रचारित -प्रसारित किया जा रहा था। हालांकि बनारस में बिहार और मिथिला से आए लोगों की बड़़ी आबादी है। ऐसे में इस उद्देश्य में सफलता भी मिली। समाज के युवा पदाधिकारी गौतम कुमार झा एडवोकेट बताते हैैं कि सेवा कार्यों को लेकर उत्साह को देखते हुए बाइलाज अनुसार कार्य क्षेत्र को प्रदेश भर में विस्तार दिया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों में बसे मिथिला के लोगों को जोड़ा जाएगा ताकि सेवा के संस्कार और सरोकार हर जरूरतमंद तक विस्तार पा सके। समाज इसके लिए प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं को जोड़ने की तैयारी में इसी कोरोना काल में ही जुट गया है ताकि लोगों की मदद जरूरत पर की जा सके।