Governor In Varanasi : मॉडल ब्लाक सेवापुरी के मटुका गांव में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बच्चों की बनीं गुरु
प्राथमिक विद्यालय में बच्चों और महिलाओं से बात की। बच्चों से मिलने के बाद राज्यपाल गुरु की भूमिका में नजर आई तो बच्चों को ककहरा भी ब्लैकबोर्ड पर बढ़ाया। बच्चों की क्लास ली और उनको अच्छा नागरिक बनने के लिए शिक्षा की महत्ता से भी अवगत कराया।
वाराणसी, जेएनएन। अपने तीन दिनी काशी प्रवास के दूसरे दिन राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल मंगलवार को नीति आयोग के चयनित मॉडल ब्लाक सेवापुरी के मटुका गांव पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में बच्चों और महिलाओं से बात की। बच्चों से मिलने के बाद वे गुरु की भूमिका में नजर आई तो बच्चों को ककहरा भी ब्लैकबोर्ड पर बढ़ाया। बच्चों की क्लास ली और उनको अच्छा नागरिक बनने के लिए शिक्षा की महत्ता से भी अवगत कराया। बच्चों को पढ़ाने के लिए उन्होंने गिनती भी गिनायी तो अक्षर ज्ञान कराने के साथ मात्राओं की भी पहचान कराया।
वहीं क्षेत्र की महिलाओं से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सेवापुरी के अमिनी गांव में जाकर उन्होंने गांव के विकास की रुपरेखा के बाबत अधिकारियों से परिचर्चा की तो ग्रामीणों से भी गांव की समस्याओं पर परिचर्चा कर उसके निराकरण के बारे में निर्देशित किया। मटुका गांव में धात्री महिलाओं और कुपोषित बच्चो को पोषण पोटली भी उन्होंने वितरित की। महिलाओं से बातचीत कर सरकारी योजना समेत स्वास्थ्य आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली और अमिनी के बाद ब्लाक में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में शामिल हुईं।