वाराणसी में छात्रा गर्ल्स हास्टल की छत से गिरी या कूदकर की आत्महत्या? सुसाइड नोट में दर्ज दास्तान चौंकाने वाली
वाराणसी के धन्नीपुर में एक गर्ल्स हॉस्टल की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरी 12वीं की छात्रा अनामिका एक्का की ...और पढ़ें

वाराणसी गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की मौत, सुसाइड नोट में सहेली के जाने का जिक्र।
HighLights
वाराणसी गर्ल्स हॉस्टल में 12वीं की छात्रा की मौत।
संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने के बाद हुई मृत्यु।
सुसाइड नोट में सहेली के जाने से परेशानी का जिक्र।
जागरण संवाददाता, वाराणसी (लोहता): थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव में बीती रात एक गर्ल्स हास्टल की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में 12वीं की छात्रा गिर गई। इलाज के दौरान मंडलीय अस्पताल में सोमवार की दोपहर उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोग भी सूचना पर मौके पर आ गए।
उड़ीसा के राउलकेला के बिसरा थाना, पोस्ट बिसरा, गांव संतोषपुर के बेनीड एक्का की 18 वर्षीय बेटी अनामिका एक्का धन्नीपुर में स्थित एक गर्ल्स हास्टल में रहकर चांदपुर स्थित एक कॉलेज में 12वीं की पढ़ाई कर रही थी।
रविवार की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में हास्टल के पीछे छत से नीचे गिर गई। हास्टल की वार्डन ने तत्काल उसे सेंटमैरिज अस्पताल कोरौता गोपालपुर में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने उसे मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शिवपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लड़की के पिता बेनीड एक्का ने पुलिस को बताया कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। उनकी बड़ी बेटी इस्टला एक्का भी इसी हास्टल में रहकर पढ़ाई कर चुकी है। मौके पर एडीसीपी वरूणा जोन, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा और थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
अनामिका के कमरे से एक छोटा बैग और कुछ किताबें जांच के लिए ले जाई गई हैं। थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी पहुंचकर जांच कर रहे हैं। हास्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हास्टल की वार्डन से भी पूछताछ की गई है।
परिवार के लोग कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट में अनामिका ने लिखा है कि उसकी एक सहेली, जो उसके साथ रहती थी, वह चली गई थी, जिससे वह परेशान थी। उसने अपने पिता को भी फोन किया था।
छात्रा की आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है, और पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर से छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य और उनके सामाजिक परिवेश पर सवाल उठाए हैं।
