Ghosi Assembly by Election 2019 result : विजय राजभर ने लहराया भाजपा का पताका
घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। पार्टी के उम्मीदवार विजय राजभर ने विजय की भगवा पताका लहराते हुए सीट को पार्टी की झोली में डाल दिया।
मऊ, जेएनएन। घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। पार्टी के उम्मीदवार विजय राजभर ने विजय की भगवा पताका लहराते हुए सीट को पार्टी की झोली में डाल दिया। उन्होंने सपा समर्थित निर्दल उम्मीदवार पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को 1773 मतों से पराजित किया। तीसरे स्थान पर बसपा के अब्दुल कयूम अंसारी रहे। इन तीन उम्मीदवारों के अलावा बाकी सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। हालांकि जमानत खोकर भी चौथे पर कांग्रेस के राजमंगल यादव व पांचवें स्थान सुभासपा के उम्मीदवार नेबूलाल रहे।
शाम पांच बजे चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा के विजय राजभर को कुल 68371 मत मिले तो दूसरे स्थान पर रहे सपा समर्थित निर्दल पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को 66598 मत प्राप्त हुए। इस तरह 1773 मतों से विजय ने विजयश्री का वरण किया और श्री सिंह को पराजय का मुंह देखना पड़ा। उपचुनाव में 50,775 मत पाकर बसपा के अब्दुल कयूम अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। चौथे व पांचवें स्थान के लिए कांग्रेस व सुभासपा के उम्मीदवारों में भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। जमानत खोकर भी कांग्रेस के राजमंगल यादव 11624 मत पाकर चौथे स्थान पर रहे तो उनसे महज 139 मत पीछे रहे सुभासपा के नेबूलाल को 11485 मत पाकर पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा। 2938 मत पाकर भाकपा के शेख हेसामुद्दीन छठें स्थान पर रहे।
घोसी विधानसभा सीट यहां के विधायक रहे फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बना दिए जाने के बाद खाली हो गई थी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में कुल 11 उम्मीदवारोंं ने किस्मत आजमाई थी। सत्तारूढ़ भाजपा ने एक युवा कार्यकर्ता सब्जी विक्रेता के पुत्र विजय राजभर को प्रत्याशी बनाया था तो सपा ने पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को। श्री सिंह का सपा का पर्चा तकनीकी कारणों से खारिज हो जाने के चलते वे निर्दल ही चुनाव मैदान में थे। सुबह 8.00 बजे के बाद शुरू हुई मतगणना में सुबह से कांटे की टक्कर देखने को मिली। शुरुआती चक्र में 200 मतों से बढ़त बनाए भाजपा के उम्मीदवार और सपा समर्थित निर्दल उम्मीदवार में कांटे की टक्कर देखने को मिली। कम-अधिक अंतर के साथ यह बढ़त जारी रही और एकबारगी 3500 के ऊपर पहुंच गई। 25वें चक्र में पहुंचने पर सपा समर्थित सुधाकर ङ्क्षसह ने कुछ बढ़त बनाई मगर अगले ही चक्र में वे फिर पिछड़ गए। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रही।