विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी को मिली गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, पूर्वांचल के हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

By Dilshad AhmadEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 12:35 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड के 150 करोड़ रुपये के गारमेंट प्लांट का उद्घाटन किया, जिससे पूर्वांचल में ...और पढ़ें

वाराणसी में पीएम मोदी ने किया अरविंद मिल्स गारमेंट प्लांट का उद्घाटन, हजारों को मिलेगा रोजगार।

वाराणसी में पीएम मोदी ने किया अरविंद मिल्स गारमेंट प्लांट का उद्घाटन, हजारों को मिलेगा रोजगार।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने वाराणसी में अरविंद मिल्स प्लांट का उद्घाटन किया।

  2. 150 करोड़ की लागत से बना, हजारों को रोजगार मिलेगा।

  3. स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण, स्पोर्ट्सवियर का उत्पादन होगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आये और हमेशा की तरह इस बार भी काशीवासियों को सौगात दी। मिर्जामुराद के खोचवां में अहमदाबाद गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 7-8 एकड़ में बने पहले मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उन्होंने शुभारंभ किया तथा यहां पर कार्य का प्रशिक्षण ले रही मातृ शक्तियों से सीधा संवाद किया।

निश्चित रूप से इस औद्योगिक प्लांट में स्थानीय ही नहीं पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। इतना ही नहीं स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है और 300 से ज्यादा महिलाओं की भर्ती हो भी चुकी है, जिन्हें यूनिट में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल कपड़ा और परिधान निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करेगी।

बताते चलें कि पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। प्लांट शुरू होने के बाद 2 फेस का निर्माण होगा, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। काशी के इस नए प्लांट में स्पोर्टस वियर, अंडर गारमेंट आदि कपड़े का उत्पादन होगा।यहां जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड्स का निर्माण होगा।

अरविंद मिल्स सिर्फ कपड़ा बनाने वाली कंपनी नहीं है। यह धागे और कपड़े से लेकर तैयार कपड़ों तथा औद्योगिक इस्तेमाल के विशेष वस्त्रों तक का कारोबार करती है। इसकी शुरुआत 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। यह डेनिम के कपड़े (इससे जींस बनाई जाती है) के साथ सूती व लिनेन के कपड़े, सादे कपड़े, सूट के लिए फैब्रिक, स्पोर्ट्सवियर के साथ घरेलू और विदेशी परिधान ब्रांडों को कपड़ा उपलब्ध कराती है।

प्रधानमंत्री ने शुभारंभ के पश्चात मिल के पदाधिकारियों से वहां पर बनाए जा रहे कपड़ों, खादी के बने कपड़ों एवं उनके मैटेरियल के बारे में जानकारी ली। "अपना हुनर अपनी पहचान" के दृष्टिगत महिलाओं से संवाद किया। उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों, उनकी चुनौतियों के बाबत विस्तार से जानकारी ली। अरविन्द मिल्स द्वारा उत्पादित कपड़ों की लगाई गई प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।इससे पूर्व मिर्जामुराद के खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया।