आजमगढ़ में गिराया जा रहा जौनपुर का कूड़ा, शाहगंज का कचरा सीमा से सटे बिलारमऊ में किया जा रहा डंप
जौनपुर के नगर पालिका परिषद शाहगंज का कई टन कूड़ा जिले की सीमा से सटे फूलपुर तहसील के बिलारमऊ में गिराया जा रहा है।
आजमगढ़, जेएनएन। जौनपुर के नगर पालिका परिषद शाहगंज का कई टन कूड़ा जिले की सीमा से सटे फूलपुर तहसील के बिलारमऊ में गिराया जा रहा है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण से पब्लिक में काफी रोष है। उधर, स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं है।
शाहगंज नगर पालिका परिषद द्वारा फूलपुर तहसील के बिलारमऊ के पास खुले में ही कचरा डंप किया जा रहा है। लखनऊ-बलिया मार्ग के किनारे खुले में फेंक जा रहे कचरे से प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है, वहीं राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। कचरा आस-पास के खेतों में भी जा रहा है जिससे किसानों की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। यही नहीं तमाम आदेशों के बाद भी सड़क किनारे कचरा जलाया भी जाता है। इससे जहरीला धुंआ आस-पास के गांवों में जाता हैं। बच्चों और बुजुर्गों में दमा जैसी बीमारियों के बढऩे की आशंका बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि अभी अपने जिले में कचरा की समस्या है वहीं अब जौनपुर के कचरे को भी झेलना पड़ रहा है।
एडीएम फूलपुर : इस संबंध में तहसीलदार शाहगंज से बात की गई थी। आज फिर वहां के एसडीएम से बात करूंगा। बिना अनुमति और किसी सुनिश्चित व्यवस्था के ही कचरा डंप किया जा रहा है तो इस पर रोक लगाने के संबंध में पत्र भेजा जाएगा।-वागीश शुक्ला, एसडीएम, फूलपुर, आजमगढ़।