चार महिला तस्कर गिरफ्तार, झारखंड के चतरा से अंबाला ले जा रही थीं 12 किलो चरस
पीडीडीयू नगर कोतवाली पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली। झारखंड से चरस लेकर अंबाला जा रही चार महिलाओं को 12 किलो 930 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
चंदौली, जेएनएन । पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) कोतवाली पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली। झारखंड से चरस लेकर अंबाला जा रही चार महिलाओं को 12 किलो 930 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद किए गए चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 30 लाख बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने मीडिया के सामने मामले का खुलासा किया।
पुलिस को चंदौली के रास्ते झारखंड से मादक पदार्थ की तस्करी कर प्रदेश के विभिन्न जिलाें में बिक्री करने की लगातार शिकायत मिल रही थी। एसपी ने अवैध तस्करी पर रोक लगाने को पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रदीप सिंह चंदेल के नेतृत्व में टीम गठित की थी। रविवार को तड़के लगभग ढाई बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुगलसराय कोतवाली के सुभाष पार्क के समीप से चार महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी में महिलाओं के पास मिले झोले में पालीथिन में छुपाकर रखा चरस बरामद हुआ।
आरोपित महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि झारखंड के चतरा निवासी पिंटू कुमार के साथ चतरा से चरस लाकर बस से सासाराम आए। यहां से ट्रेन पकड़कर मुगलसराय से बरेली होते हुए अंबाला जाना था। बताया कि चार से पांच बार चतरा से चरस लेकर अंबाला पहुंचा चुके हैं। हमेशा मुगलसराय स्टेशन से पहले जब ट्रेन आउटर पर रूक जाती है तो ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन पार कर सड़क मार्ग से पैदल दूर निकल जाते हैं।
बताया कि सवारी वाहन पकड़कर वाराणसी होते हुए बरेली से अंबाला चले जाते हैं। वहीं उनका साथी पिंटू कुमार चार पहिया वाहन लेने गया था कि पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पकड़ी गई महिला आरोपितों में सतिया देवी, पूनम, परबतिया व यशोदा सभी ग्राम सिमरातरी थाना गिधौर जनपद चतरा झारखंड की निवासी हैं।