वाराणसी शिक्षक एमएलसी चुनाव परिणाम के बाद बोले सपा के लाल बिहारी यादव - 'सीएम के आने का भी कोई असर नहीं हुआ'
वाराणसी शिक्षक एमएलसी चुनाव परिणाम के बाद लाल बिहारी यादव ने भाजपा के दावों को खोखला बताया। उन्होंने प्रशासन पर ...और पढ़ें

वाराणसी शिक्षक एमएलसी चुनाव: लाल बिहारी यादव बोले, भाजपा के दावे खोखले साबित हुए।
HighLights
भाजपा के दावे खोखले साबित हुए: लाल बहादुर यादव।
प्रशासन पर समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाया।
शिक्षकों ने अखिलेश यादव पर भरोसा जताया, कहा यादव।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन के मतगणना के बाद स्थल से बाहर निकले लाल बिहारी यादव ने प्रशासन पर समर्थकों को परेशान करने और नजरबंद करने के आरोप लगाए। कहा कि भाजपा दोनों एमएलसी सीटों पर जीत का दावा कर रही थी, लेकिन उसके दावे खोखले साबित हुए।
शिक्षक भाजपा की नीतियों से ऊब चुके हैं और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भरोसा जता रहे हैं। अखिलेश यादव ने शिक्षकों की समस्याओं को समझने और उनके आंसू पोंछने का काम किया। इसी भरोसे के आधार पर शिक्षकों ने उन्हें वोट दिया। उनके खिलाफ प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री के आने का भी कोई असर नहीं हुआ।
आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान डीआइओएस, पुलिस और मजिस्ट्रेट के माध्यम से उनके समर्थकों को परेशान किया गया। कुछ लोगों को घरों में नजरबंद किया गया और कुछ पर विद्यालयों से बाहर न जाने देने का दबाव बनाया गया। इन तमाम परिस्थितियों के बावजूद उन्हें शिक्षकों का समर्थन मिला। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताया।
तीन स्तरों पर लगी पुलिस रही चौकन्ना
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत आइसोलेशन कार्डन, इनर कार्डन और आउटर कार्डन बनाए गए थे। आइसोलेशन कार्डन मतगणना हाल के सबसे नजदीक का सुरक्षा घेरा था। यहां केवल सीमित और अधिकृत लोगों को प्रवेश मिला था।
वहीं, इनर कार्डन में मतगणना परिसर के अंदर बने इस घेरे में आने-जाने वालों की जांच और निगरानी की जाती रही। आउटर कार्डन में परिसर का बाहरी हिस्सा था। इसमें बाहरी लोगों को रोकना और आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
जांच के बाद ही मिला प्रवेश
प्रवेश मतगणना स्थल पर केवल उन्हीं अभिकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों को प्रवेश दिया गया जिन्हें पास जारी किया गया था। प्रत्याशियों को भी नियमानुसार प्रवेश की अनुमति दी गई। प्रवेश के दौरान जगह-जगह जांच की जाती रही।
प्रमाण पत्रवा मिल जाएदा, फिर कर लिहा स्वागत और नारेबाजी
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव प्रथम वरीयता का परिणाम आने के बाद जैसे ही मतगणना स्थल से चलकर पहाड़ियां मंडी के मुख्य द्वार से बाहर निकले, तभी बड़ी संख्या में समर्थक उन्हें माला पहनाने लगे और जीत का खुशी जाहिर करते हुए नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान लाल बिहारी यादव ने भी दोनों हाथ उठाकर समर्थकों को शांत करने का प्रयास किया तो वहीं मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स समर्थकों को अनाउंस करते हुए मुख्य द्वार से 200 मीटर दूर जाने का निर्देश देती रही। जिस पर जमा भीड़ में से एक सपा कार्यकर्ता ने अपने लोगों को समझाते हुए कहा कि प्रमाण पत्रवा मिल जाएदा, फिर कर लिहा स्वागत और नारेबाजी। अभी पुलिस रोकत हौ त मान जा।
