वाराणसी के नक्खी घाट समेत वरुणा किनारे बाढ़ का पानी खिसका, क्षेत्र में पसरी आफत
वरुणा नदी का जलस्तर घटने से वाराणसी के नक्खी घाट समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी उतर गया है। ...और पढ़ें

वाराणसी में बाढ़ का पानी उतरा, वरुणा किनारे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ा। (फाइल फोटो)
HighLights
वरुणा नदी का जलस्तर घटने से बाढ़ का पानी पीछे हटा।
पानी उतरने के बाद नदी किनारे गंदगी, कीचड़ और गाद फैली।
स्थानीय लोग तत्काल सफाई और कीटनाशक छिड़काव की मांग कर रहे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बीते 48 घंटे में वरुणा नदी के जलस्तर में तेजी से गिरावट आने से नक्खी घाट समेत नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का पानी काफी पीछे खिसक गया। सोमवार को पानी उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घरों और गलियों में आवाजाही भी धीरे-धीरे सामान्य हो गई। रोजमर्रा की जिंदगी पटरी पर लौटती दिखी, लेकिन बाढ़ का पानी उतरते ही दूसरी आफत सामने आ गई।
जहां तक नजर गई, वहां गंदगी का अंबार नजर आया। गलियों, रास्तों और घरों के आसपास कीचड़ जमा है। जगह-जगह जलकुंभी, कचरा और सीवर की गंदगी पड़ी होने से दुर्गंध का आलम है। कई स्थानों पर पानी उतरने के बाद जमीन पर गाद की मोटी परत जम गई है। इससे लोगों को घर से निकलने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी उतरने से राहत तो मिली, लेकिन अब सफाई सबसे बड़ी चुनौती है। समय रहते कीचड़ और कचरा नहीं हटाया गया तो बदबू के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल सफाई, कीटनाशक छिड़काव और प्रभावित इलाकों में नियमित निगरानी की मांग की है।
