पूर्वांचल में गंगा नदी में घटाव का रुख, तटवर्ती इलाकों में लोगों ने ली राहत की सांस Varanasi news
पूर्वांचल में लगातार रह रहकर हो रही बारिश जहां लोगों में चिंता का सबब बनी हुई है वहीं गंगा नदी के किनारे रहने वाले बाढ़ की आशंका से घिरे हुए हैं।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में लगातार रह रहकर हो रही बारिश जहां लोगों में चिंता का सबब बनी हुई है वहीं गंगा नदी के किनारे रहने वाले बाढ़ की आशंका से घिरे हुए हैं। हालांकि बीते चौबीस घंटों में गंगा नदी में घटाव का रुख देखने में आ रहा है। घटाव का रुख होने से सहायक नदियों में भी उफान की स्थिति थमी है और पानी घटने से लोगों ने राहत की सांस ली है। शहजादपुर में गंगा जहां स्थिर हैं वहीं फाफामऊ में गंगा का रुख घटाव की ओर होने से अब चिंता की स्थिति नहीं है। हालांकि लगातार बारिश होने अौर बांधों को खोले जाने से ही स्थिति चिंताजनक होने की संभावना है ।
शुक्रवार को पूर्वांचल के सभी जिलों में गंगा नदी में घटाव का रुख रहा। हालांकि पूर्व की भांति ही बलिया जिले में गंगा खतरा बिंदु से करीब एक मीटर अधिक ऊपर बह रही हैं। वहीं गाजीपुर जिले में गंगा नदी चेतावनी बिंदु पार करने के बाद भी खतरा बिंदु से पचास सेमी कम ही है। ऐसे में अब सहायक नदियों में भी घटाव का रुख देखने को मिल रहा है। उम्मीद है परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो गंगा में घटाव का रुख आगे भी जारी रहेगा और तटवर्ती इलाकों में लोगों को राहत मिलेगी।
जिला
|
खतरा | चेतावनी | वर्तमान | स्थिति |
मीरजापुर | 77.72 | 76.73 | 74.40 | घटाव |
वाराणसी | 71.26 | 70.26 | 69.17 | घटाव |
गाजीपुर | 63.10 | 62.10 | 62.58 | घटाव |
बलिया | 57.61 | 56.61 | 58.66 | घटाव |