विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी के पंखा गोदाम में तीसरे दिन भी अचानक भड़कीं लपटें, सहम गए लोग

By Praveen Kumar Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 07:00 PM (IST)

वाराणसी के मड़ौली स्थित रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में लगी आग तीसरे दिन बुधवार रात को फिर ...और पढ़ें

HighLights

  1. मड़ौली गोदाम में लगी आग तीसरे दिन फिर भड़की।

  2. ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बुझाने में दिक्कत।

  3. जहरीले धुएं से आसपास के लोगों को परेशानी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मड़ौली स्थित रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में लगी आग तीन दिन बाद भी बुझने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को लगी भीषण आग को अग्निशमन विभाग की दर्जनों गाड़ियों ने लाखों लीटर पानी डालकर काबू किया था, जिसके बाद गोदाम सिर्फ सुलग रहा था।

लोगों को लगा था कि आग अपने आप बुझ जाएगी। लेकिन बुधवार की मध्यरात्रि को लगभग 48 घंटे बाद 10 बिस्वा में फैले बेसमेंट में अचानक फिर से लपटें भड़क उठीं। अंदर से धमाकों जैसी आवाज आने लगीं, जिससे आस-पड़ोस के लोग सहम गए। आग से इलाके में तेज गर्मी भी फैल गई। डरे हुए लोगों ने मंडुवाडीह पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन गोदाम में रखा सामान फिर से सुलगकर धुआं देने लगा।

थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि विशालकाय बेसमेंट में पिछले तीन दिनों से लगातार दमघोंटू धुआं उठ रहा है। उसके अंदर जाना मतलब जान गंवाना है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझा रहे हैं। थानाध्यक्ष के मुताबिक गोदाम में भारी मात्रा में पंखों की फाइबर बाडी, पेंट और पिगमेंट, थिनर-साल्वेंट्स जैसे तेज ज्वलनशील रसायन, वार्निश-इनेमल रखे गए हैं, जो आग को बुझने ही नहीं दे रहे हैं।

अगलगी के बाद बहुमंजिला गोदाम की इमारत जर्जर हो गई है। आग से कंक्रीट, लोहे के सरिये और दीवारें अंदर से कमजोर हो गई हैं। दीवारें जगह-जगह से फटकर झुक गई हैं, इसलिए अंदर जाना खतरनाक और जानलेवा है। फायर स्टेशन आफिसर विनोद पांडेय के मुताबिक आग बुझा दी गई है लेकिन बेस में रखा सामान धीरे-धीरे जल रहा है।

जहरीले धुएं से लोग परेशान
भीषण आग से निकल रहे जहरीले धुएं के कारण आसपास के लोगों को पिछले तीन दिनों से सांस लेने में तकलीफ, आंखों और गले में जलन, सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत हो रही है। बुधवार को भी पूरे दिन बेसमेंट से धुआं उठता रहा। लोगों में बस एक ही चर्चा है कि आखिर ये आग कब बुझेगी।