सरकार की पहल : पुण्य की कामना से गाय को खिलाएं पहली रोटी, दरवाजे पर लेने आएगी गाड़ी
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को सर्किट हाउस में नगर विकास से संबंधित कार्यो को लेकर अफसरों के साथ बैठक की।
वाराणसी, जेएनएन। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को सर्किट हाउस में नगर विकास से संबंधित कार्यो को लेकर अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम को नेक पहल करने के लिए निर्देशित किया। कहा कि आध्यात्मिक शहर काशी में लोगों की आस्था है कि गाय को पहली रोटी खिलाई जाए। इसे देखते हुए नगर में रोटी लेने के लिए गाड़ियां चलाई जाएं जो लोगों के दरवाजे तक जाएं और रोटी को इकट्ठा कर कान्हा उपवन में रखे गए गोवंश को खिलाया जाए। उन्होंने इस व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाने के लिए कहा। समिति की अध्यक्ष महापौर मृदुला जायसवाल होंगी तो दो विधायक सदस्य होंगे।
कहा कि नगर में 90 वार्ड हैं। इसे देखते हुए तीन गाड़ियां संचालित की जाएं। गाड़ियों पर गाय का चित्र बना हो जिसको घर के सदस्यों द्वारा रोटी खिलाया जाए। उन्होंने यह व्यवस्था अतिशीघ्र करने के लिए निर्देशित किया। बता दें कि प्रदेश में यह व्यवस्था पहली नहीं है। इससे पहले गाजियाबाद में यह व्यवस्था संचालित कर दी गई है। इसी सावन माह में वहां के महापौर ने रोटी लेने वाली गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर निगम की ओर से रोटी इकट्ठा करने की कवायद से गोवंशों को होने वाली चारा की दिक्कतों पर कमी आएगी। दूसरे लोगों की आस्था को भी बल मिलेगा।
चूंकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर में पशुपालन को लेकर सख्ती की गई है। इसको लेकर कुछ लोगों ने नगर आयुक्त आशुतोष कुमार द्विवेदी से मिलकर गाय को पहली रोटी खिलाने की बात कहते हुए आस्था से खिलवाड़ न करने की अपील की थी। इस मसले पर कुछ लोगों ने कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया है। अब गाड़ियां चलने लगेंगी तो कई सवालों पर विराम लग जाएंगे। नगर विकास मंत्री ने गोवंशो के संरक्षण व उनकी सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि गोवंश के लिए बनाए जा रहे गौशालाओं व संचालित काजीसराय में गोबर व गोमूत्र को एकत्र करने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। गोबर से जलावन वीट व गोमूत्र को शोध कर बिक्री की जाए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप