विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में विराट कांप्लेक्स की वायर डक्ट में लगी आग, 150 लोगों को सुरक्षित निकाला, पांच लोग मंडलीय अस्पताल में भर्ती

By Rakesh SrivastavaEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 10 Oct 2026 11:50 AM (IST)

वाराणसी के विराट कांप्लेक्स में देर रात वायर डक्ट में आग लगने से हड़कंप मच गया। अग्निशमन दल ने 150 ...और पढ़ें

वाराणसी के विराट कांप्लेक्स में भीषण आग, 150 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

वाराणसी के विराट कांप्लेक्स में भीषण आग, 150 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

HighLights

  1. विराट कांप्लेक्स की वायर डक्ट में लगी आग

  2. 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

  3. धुएं से प्रभावित पांच लोग अस्पताल में भर्ती

जागरण संवाददाता, वाराणसी। धूपचंडी के रामकटोरा रोड स्थित पांच मंजिला विराट कांप्लेक्स की विद्युत वायर डक्ट में शुक्रवार देर रात आग लग गई। आग लिफ्ट की वायर तक पहुंची और फिर एक-एक कर ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। उस समय भवन में रह रहे लोग सो रहे थे। धुआं फैलने पर सुरक्षा गार्ड और निवासियों की नींद खुली। सुरक्षा गार्डों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अग्निशमनकर्मी और चेतगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में आग बुझा दी गई।

धुएं के कारण पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर उपचार के बाद सभी सुरक्षित घर लौट गए। अग्निशमन विभाग के निरीक्षक दीपक सिंह ने बताया कि आग वायर डक्ट में ही लगी थी। वहां आग बुझाने के जरूरी इंतजाम मौजूद थे, जिससे आग तेजी से नहीं फैल सकी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था नहीं होती तो आग बड़ी घटना का रूप ले सकती थी और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

अग्निशमन कंट्रोल रूम को रात 1:55 बजे सूचना मिली थी। दमकल की गाड़ी बल के साथ 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। भवन में पहले से उपलब्ध आग बुझाने के संसाधन काम आए। तार जलने से परिसर में धुआं भर गया, जिससे लोगों को परेशानी होने लगी थी। चेतगंज पुलिस और अग्निशमनकर्मियों ने भवन के 42 फ्लैट में रह रहे करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग से केवल बिजली के तार जले हैं। आग लगने की ठोस वजह का पता नहीं चल पाया है।

चेतगंज के थानाध्यक्ष पवन पांडेय ने बताया कि किसी के फंसे होने की आशंका दूर करने के लिए एक फ्लैट की तलाशी ली गई। अग्निशमन विभाग ने बीते दिनों 400 लोगों को नोटिस भेजे थे। इनमें से 350 लोगों ने नोटिस पर ध्यान नहीं दिया है।

15 दिन पूर्व हुआ था निरीक्षण

पुलिस के अनुसार, विराट कांप्लेक्स में ओमेगा कंपनी की लिफ्ट लगी है। इसका निरीक्षण 20 दिन पूर्व कराया गया था। इसके बावजूद आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी।