विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महमूरगंज में वाराणसी स्वर्ण कला केंद्र के शोरूम में लगी आग, कड़ी मशक्‍कत के बाद पाया आग पर काबू

By Rakesh SrivastavaEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 10 Oct 2026 11:36 AM (IST)

वाराणसी के महमूरगंज स्थित वाराणसी स्वर्ण कला केंद्र के शोरूम में शनिवार तड़के आग लग गई, जिस पर अग्निशमन कर्मियों ...और पढ़ें

HighLights

  1. वाराणसी स्वर्ण कला केंद्र शोरूम में लगी आग।

  2. अग्निशमन कर्मियों ने आग पर पाया काबू।

  3. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित वाराणसी स्वर्ण कला केंद्र के शोरूम में शनिवार तड़के करीब पांच बजे आग लग गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। आग लगने की जानकारी उस समय हुई जब तड़के धुआं न‍िकलते देखा गया इसके बाद आनन फानन सूचना देकर आग बुझाने का काम शुरू हुआ। 

अग्निकांड में हुए नुकसान के संबंध में फ‍िलहाल ठोस जानकारी सामने नहीं मिल सकी है। आग लगने का कारण भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अग्निशमन कर्मियों ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। आग की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जबक‍ि पुल‍िस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और कारोबारी भी दुकान में नुकसान का जायजा लेते रहे। 

fire2

अग्‍न‍िशमन अध‍िकारि‍यों के अनुसार सुबह 05.35 बजे बनारस स्वर्ण कला केन्द्र, रथयात्रा महमूरगंज वाराणसी में बड़ी आग लगने के बाद सूचना अग्निशमन केन्द्र भेलूपुर के कन्ट्रोल रूम में प्राप्त हुयी। सूचना को अमल में लाते हुए अग्निशमन केन्द्र भेलूपुर से दो अग्निशमन वाहन एवं अग्निशमन केन्द्र चेतगंज से तीन अग्निशमन वाहन मय आवश्यक स्टाफ व उपकरण सहित घटना स्थल के ल‍िए पहुंचे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी, वाराणसी आनन्द सिंह राजपूत के निर्देशन में एवं अग्निशमन अधिकारी भेलूपुर के नेतृत्व में अग्निशमन कार्य प्रारम्भ हुआ। घटना स्थल पर कुछ शटर बन्द होने के कारण उनके ताले काटने हेतु अग्निशमन केन्द्र चेतगंज से मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल भी मंगाया गया और शटर के ताले काटे गए।

fire1

भूतल तल पर फॉल्स सीलिंग, फर्नीचर, घड़ी एवं सोने चांदी का स्ट्रांग रूम था जिसमें फर्नीचर एवं फॉल्स सीलिंग जला था जिसे बुझा दिया गया। मौके पर शोरूम में धुंआ काफी भरा हुआ था और हीट प्रथम तल पर भी पहुंच गई थी जहां साड़ियों का शो रूम था, वहां बाहर से फायर टेंडर के पोर्टेबल सीढ़ी के माध्यम से अग्‍न‍िरोधी कपड़े पहनकर फायर कर्मियों द्वारा ऊपरी तल पर चढ़कर धुंआ निकालने हेतु शीशों को तोड़ा गया और कूलिंग की गई।

फायर फाइटिंग के दौरान कुछ कर्मियों को उंगलियों में आंशिक चोटें भी आई हैं जिसका उपचार कर लिया गया है। तीन घण्टे की कड़ी मशक्क्त के बाद आग बिना किसी अन्य भवन में फैले एवं बिना किसी जनहानि के लगभग 08.35 बजे तक आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया और काबू पा लिया गया। अब कारोबारी द्वारा नुकसान का आकलन क‍िया जा रहा है।