फारेस्ट गार्ड की हत्या के मामले में दो नामजद, आठ अज्ञात लोगों पर एफआइआर
मांची वन रेंज के पडऱी गांव के पास अवैध खनन करने वालों ने एक फारेस्ट गार्ड की हत्या कर दी।
सोनभद्र, जेएनएन। वन विभाग के क्षेत्र से पत्थर का अवैध खनन करने वाले खनन माफियाओं द्वारा शुक्रवार की रात खनन रोकने गई टीम में शामिल फारेस्ट गार्ड की हत्या कर दी गई। इस मामले में रायपुर पुलिस ने दो नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया गया है।
वन विभाग के मुताबिक सोनभद्र वन प्रभाग के मांची वन रेंज के कई दिनों से अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। इसे गम्भीरता से लेते हुए रेन्जर के नेतृत्व में एक दल शुक्रवार की रात में जंगल क्षेत्र में निकले थे। वन कर्मियों के आने की आहट मिलते ही अवैध खनन करने वालों में हड़कम्प मच गया। वहां से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मौके से सभी भागने लगे। इतने में वनकर्मियों ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। ट्रैक्टर को रेंज कार्यालय लाया जा रहा था। उसी पर फारेस्टगार्ड मोहन मौर्या (40) बैठे थे। रासते में अवैध खननकर्ताओं के कुछ साथी बाइक से आ गए। ट्रैक्टर छोड़ने का दबाव बनाने के साथ ट्रैक्टर पर बैठे फ़ारेस्ट गार्ड को पीटना शुरू कर दिया, इससे उनकी मौत हो गई। डीएफओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में दो नामजद व आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।