मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर अबू आजमी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज
मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में भाजपा कार्यकर्ता ने मंगलवार को सरायमीर थाना में अबू आजमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी।
आजमगढ़ (जेएनएन) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में भाजपा कार्यकर्ता ने मंगलवार की शाम को सरायमीर थाना में अबू आसिम आजमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर सरायमीर पुलिस ने महाराष्ट्र प्रांत के सपा अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी।
महाराष्ट्र प्रांत के सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के मंजीरपट्टी गांव के मूल निवासी हैं। वे दो दिन पूर्व अपने गृह जनपद में आए हुए हैं। 12 नवंबर को वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छाऊं गांव पहुंचे थे। अबू आसिम आजमी से जब मीडिया कर्मियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जिले का नाम बदलने के बारे में सवाल किया तो उन्होंने उनके सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आजमगढ़ को आजम शाह ने बसाया है। यह जिला मुख्यमंत्री की जागीर नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने दूसरे सवाल में जवाब दिया था कि 2019 के चुनाव में मोदी को वापस गुजरात जाना पड़ेगा। अबू आसिम आजमी द्वारा सीएम के खिलाफ किए गए अभद्र टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर जब वायरल हुआ तो जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश फैल गया। इस मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ता हनुमंत सिंह पुत्र रामनाथ सिंह ग्राम सुखीपुर थाना सरायमीर निवासी दर्जनों अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार की शाम को सरायमीर थाने पर पहुंचे। उन्होंने अबू आसिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
तहरीर में उन्होंने उल्लेख किया है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ उनके द्वारा किए गए अभद्र टिप्पणी से प्रदेश के लोगों के मुख्यमंत्री के सम्मान पर धक्का लगा है। सरायमीर थानाध्यक्ष मनोज सिंह का कहना है कि हनुमंत की तहरीर पर अबू आसिम के खिलाफ धारा 153 ए व 504 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।