जौनपुर में चमगादड़ों के मरने से ग्रामीणों में भय, पशु चिकित्सक ने सैंपल भेजा जांच के लिए
जौनपुर के केराकत क्षेत्र के अकबरपुर गांव में दर्जन भर चमगादड़ों के मरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
जौनपुर, जेएनएन। केराकत क्षेत्र के अकबरपुर गांव में दर्जन भर चमगादड़ों के मरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पशुपालन विभाग के दो डाक्टर मौके पर पहुंचे और मृत चमगादड़ों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया।
गांव के महेंद्र सिंह के घर के पास बरगद के पेड़ में चमगादड़ों का बसेरा है। बुधवार की सुबह 15 की संख्या में चमगादड़ मरकर गिर पड़े। इतनी संख्या में चमगादड़ों के मरने की खबर पर गांव में हड़कंप मच गया। लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे। इस दौरान किसी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह को सूचना दे दी। उनके निर्देश पर दुधौड़ा के पशु चिकित्सक डा. एसके आनंद और गौराबादशाहपुर के डा. ओपी यादव मौके पर पहुंचे। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अधिक गर्मी और लू के चलते चमगादड़ मर सकते हैं फिर भी जांच कराई जा रही है।
संक्रमित मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 156, तीन की मौत, 23 हो चुके हैं स्वस्थ
जौनपुर में कोरोना महामारी थमने का नाम नहीं ले रही है। बीएचयू से आई रिपोर्ट में 16 और कोरोना पाजिटिव मिले हैं। सभी पीडि़त मुंबई से ट्रेन, ट्रकों व निजी वाहनों से जनपद में आए हैं। थर्मल स्कैनिंग के बाद संक्रमण का लक्षण दिखने पर 23 मई को इनका नमूना लिया गया था। एक पीडि़त बीएचयू में भर्ती है वहीं चार विद्यालय में और अन्य सभी होम क्वारंटाइन में थे। जनपद में पीडि़तों की संख्या बढ़कर अब 156 हो गई है। इनमें 130 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 23 स्वस्थ हो चुके हैं। तीन संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है।