चंदौली में अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह संग मारपीट, फरियादी ने फाड़े कपड़े, हड़ताल की कर्मचारियों ने दी चेतावनी
नगर पालिका कार्यालय में स्ट्रीट लाइट ठीक न होने पर अधिशासी अभियंता और एक नागरिक के बीच विवाद हो गया। ...और पढ़ें
HighLights
स्ट्रीट लाइट ठीक न होने पर विवाद गहराया।
अधिशासी अभियंता से कथित बदसलूकी का आरोप।
कर्मचारियों ने कार्रवाई न होने पर कामकाज ठप करने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। चार महीने से खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर काटने का दावा अब अधिशासी अभियंता से कथित बदसलूकी के विवाद में बदल गया है। बुधवार देर शाम नगर पालिका कार्यालय में हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष मुगलसराय कोतवाली पहुंच गए। यहां घंटों पंचायत चली।
एक पक्ष ने अधिशासी अभियंता का कॉलर पकड़ने और फोन पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान नहीं होने को विवाद की वजह बताया। कर्मचारियों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कामकाज ठप करने की चेतावनी दी है।
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि आफताब नामक युवक ने पहले फोन पर अधिशासी अभियंता से गाली-गलौज की। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर उनका कॉलर पकड़ लिया और झड़प भी की। घटना के बाद कार्यालय में मामला गरमा गया और विवाद पुलिस तक पहुंच गया।
चार महीने से लगा रहे थे चक्कर
दूसरे पक्ष की ओर से आफताब आलम के भतीजे अमीर आलम ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उनके मोहल्ले की स्ट्रीट लाइट खराब थी। उसे ठीक कराने के लिए करीब चार महीने से अधिशासी अभियंता के कार्यालय के चक्कर काटे जा रहे थे। इसी समस्या को लेकर बुधवार को पहले फोन पर बहस हुई, जिसके बाद नगर पालिका कार्यालय में विवाद हुआ। हालांकि, घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो कामकाज ठप करने की चेतावनी
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई नहीं होने पर अगले दिन से कामकाज ठप करने की चेतावनी दी गई है।
तहरीर के आधार पर जांच
मुगलसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चार महीने से खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग से शुरू हुआ मामला अब नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों की सुरक्षा और नागरिक शिकायतों के निस्तारण, दोनों सवालों को सामने ला रहा है। पुलिस जांच से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
