भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो के अंतिम दिन सुबह से ही शहर में उत्साह और भीड़ का माहौल
भारतीय वायुसेना के एयर शो के अंतिम दिन वाराणसी के नमो घाट पर भारी भीड़ उमड़ी। वाहनों को भदउ चुंगी ...और पढ़ें
HighLights
नमो घाट पर वायुसेना के एयर शो का अंतिम दिन।
भारी भीड़ के कारण वाहनों को भदउ चुंगी पर रोका गया।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो के अंतिम दिन रविवार को सुबह से ही शहर में उत्साह और भीड़ का माहौल छाया रहा। एयर शो देखने के लिए पहुंच रहे लोगों को भदउ चुंगी के पास ही वाहन रोक दिए गए।
कार और बाइक सवारों को आगे जाने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद वे अपनी गाड़ियां चुंगी के आसपास खड़ी कर पैदल ही नमो घाट की ओर बढ़े। सुबह से यहां लोगों की आवाजाही निरंतर बनी रही। परिवार के साथ आए लोग, युवा और बच्चे सड़क किनारे धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखे।
काशी डाट फूल के समीप तैनात ट्रैफिक जवान लोगों को बता रहे थे कि नमो घाट मात्र 300 मीटर दूर है। वे यातायात के प्रति जागरूक भी कर रहे थे। महिला हो या पुरुष या बच्चे हर कोई एयर शो देखने को बेताब था। सड़क के दोनों ओर पैदल चल रहे लोगों की लंबी कतारें नजर आईं। कई लोग अपने बच्चों को कंधे पर बिठाए हुए आगे बढ़ रहे थे, तो कई महिलाएं छतरियां लगाए धूप से बचाव करती हुई नमो घाट की दिशा में बढ़ रही थीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुलिस लाइन आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पांडेयपुर फ्लाईओवर पर आवाजाही रोक दी गई। काली माता मंदिर की ओर से पांडेयपुर चौराहे की तरफ जाने वाले फ्लाईओवर के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी गई। इस मार्ग से फ्लाईओवर पर जाने वाले वाहन चालकों को नीचे के रास्ते से आगे बढ़ना पड़ रहा है। पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं और आवाजाही को नियंत्रित कर रहे हैं।
एयर शो को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। गंगा किनारे और आसपास के घाटों पर दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन और पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। भदउ चुंगी से आगे वाहनों की एंट्री बंद होने के बावजूद लोग पैदल ही पहुंचने को तैयार हैं।
कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस लोगों को वैकल्पिक रास्ते बता रही है और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा रही है। नमो घाट पर आम जनता की सीधी एंट्री सीमित होने के कारण लोग आसपास के घाटों और नदी किनारे से शो देखने की तैयारी में हैं। सुबह से ही पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती दिख रही है।
प्रधानमंत्री के आने से पहले यातायात व्यवस्था और सख्त हो गई है। लोगों का कहना है कि थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन एयर शो देखने का मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहते। पूरा शहर आज वायुसेना के करतबों को देखने को आतुर है।
