यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वाराणसी के रामनगर में सिक्योरिटी चार्ज बढ़ाने से उद्यमियों ने पावर हाउस पर जड़ा ताला
बिजली बिल में सिक्योरिटी चार्ज बढ़ाने से आक्रोशित इंडस्ट्रियल एरिया फेस वन के उद्यमियों ने शुक्रवार को जीवनाथपुर सब स्टेशन ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बिजली बिल में सिक्योरिटी चार्ज बढ़ाने से आक्रोशित इंडस्ट्रियल एरिया फेस वन के उद्यमियों ने शुक्रवार को जीवनाथपुर सब स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। उद्यमियों ने पावर हाउस के सारे फीडर बंद करके तालाबंदी कर दी और जमकर नारेबाजी की। उद्यमियों ने डेढ़ गुना अतिरिक्त शुल्क जमा करने को तुगलगी फरमान बताया। चेताया कि अगर विभाग ने अपनी मनमानी पर अंकुश नहीं लगाया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उद्यमी आरके चौधरी ने बताया कि जो उपभोक्ता ईमानदारी से बिल भर रहे हैं, उन पर विभाग द्वारा अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। इस नियम के तहत बिजली विभाग की ओर से एक उपभोक्ता के पूरे साल पूरे बिल राशि को जोड़कर महीने वार की उसकी एवरेज निकाल ली जाती है। उसके बाद उसके दो बिलों जितनी राशि को सिक्योरिटी के तौर पर रखा जाता है। कहा कि मीटर कनेक्शन के साथ ही बिजली विभाग ने सिक्योरिटी के नाम पर अतिरिक्त जमा राशि पहले ही ले रखी है। अब फिर से उपभोक्ताओं से यह राशि वसूली जा रही है, इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिजली विभाग उद्यमियों को सिक्योरिटी मनी जमा करने का नोटिस भेज रहा है। अभी तक 46 उद्यमियों को नोटिस मिला है जिसमें से 20 से अधिक उद्यमियों का कनेक्शन काट दिया गया है।
कहा कि यह पूरी तरह से हिटलरशाही है। उद्यमियों ने अतिरिक्त सिक्योरिट जमा करने के नियम को मार्च तक स्थगित किया जाए, अतिरिक्त सिक्योरिट की गणना पिछले एक साल के बिलों के औसत के आधार पर किया जाए, जिन उद्योगों की लाइन काटी गई है, उसे तत्काल जोड़ा जाए, टीसीएस जो बिलों के माध्यम से लिया गया है, उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएं, जिससे आयकर विभाग के समायोजन किया जा सके।डीएस मिश्रा, राकेश जायसवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, सुरेश पटेल, रतन कुमार सिंह, रवि गुप्ता, मनोज अग्रवाल, सुरेन्द्र सोनी, पीयूष अग्रवाल, रामकृष्ण, राजीव चौरसिया, महेश कुमार चौधरी, अंजनी अग्रवाल, पप्पू केसरवानी, साकेत कनोडिया, सचिन अग्रवाल सहित सैकड़ों उद्यमी उपस्थित रहे।
