बीएचयू नियुक्ति प्रकरण : आयुर्वेद संकाय सहित संस्कृत विभाग में भी पास हो गए डा. फिरोज खान
डा. फिरोज खान संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के साहित्य विभाग में पढ़ाएंगे आयुर्वेद संकाय में ज्वाइन करेंगे या फिर उनकी पसंद कला संकाय का संस्कृत विभाग होगा।
वाराणसी, जेएनएन। डा. फिरोज खान संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के साहित्य विभाग में पढ़ाएंगे, आयुर्वेद संकाय में ज्वाइन करेंगे या फिर उनकी पसंद कला संकाय का संस्कृत विभाग होगा। सब कुछ अब उन्हीं की मर्जी पर निर्भर है, क्योंकि आयुर्वेद संकाय सहित संस्कृत विभाग के लिए उनका चयन किया गया है।
आयुर्वेद संकाय के लिए 29 नवंबर व संस्कृत विभाग के लिए चार दिसंबर को डा. फिरोज खान साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए थे। आयुर्वेद में जहां वह पहले नंबर पर थे, वहीं संस्कृत विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए ओबीसी की तीन सीटों पर 39 उम्मीदवार साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए शार्ट लिस्ट किए गए थे। इनमें डा. फिरोज 11वें नंबर पर थे। सूत्रों के अनुसार आयुर्वेद संकाय सहित संस्कृत विभाग में भी उनका चयन कर लिया गया है। अब सात दिसंबर को कार्यकारिणी परिषद की बैठक में लिफाफे खोले जाएंगे। ज्ञात हो कि डा. फिरोज खान की नियुक्ति पांच नवंबर को संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के साहित्य विभाग में हुई थी।
उन्होंने छह नवंबर को ज्वाइन किया। उनकी नियुक्ति के विरोध में संकाय के छात्रों ने वीसी आवास के सामने सात नवंबर से धरना देना शुरू किया, जो लगातार 16 दिनों तक चला। इसके बाद विवि के लिखित आश्वासन पर छात्रों ने धरना जरूर खत्म किया, लेकिन नियुक्ति के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहा। दो दिसंबर को विवि ने सवालों के लिखित जवाब दिए, लेकिन छात्र इसे अस्पष्ट करार देते हुए दोबारा संकाय में ही धरने पर बैठ गए। उनका धरना शुक्रवार को भी जारी रहा।
सूत्रों के अनुसार विवि प्रशासन बीच के रास्ते पर विचार कर रहा है। आयुर्वेद संकाय में फिरोज की अरुचि व एसवीडीवी में नियुक्ति के विरोध को मद्देनजर वह उनसे संस्कृत विभाग में ज्वाइन करने का आग्रह भी कर सकता है।