नदी में डूबे बालक की तलाश कर रहा गोताखोर की मौत, बालक की तलाश जारी
शुद्धक कार्य पूर्ण होने पर पिता के साथ गोमती नदी में नहाने गया दस वर्षीय बालक डूब गया। तलाश करने नदी में उतरा गोताखोर भी डूब गए।
जौनपुर, जेएनएन। शुद्धक कार्य पूर्ण होने पर पिता के साथ गोमती नदी में नहाने गया दस वर्षीय बालक डूब गया। तलाश करने नदी में उतरा गोताखोर भी डूब गए। साथियों ने अथक प्रयास करके उसका शव बाहर निकाला। बालक की खोज जारी है। घटना से कोहराम मच गया है।
नगर के तारापुर कालोनी निवासी चंदन शर्मा अपनी बड़ी माता का शुद्धक कार्य सम्पन्न कराने हेतु गोमती नदी के गूलर घाट पर अपने परिवार के साथ गए थे। शुद्धक कार्य पूर्ण होने पर वह खुद नहाने के बाद अपने 10 वर्षीय पुत्र को नदी में नहलाने ले गए। नहलाने के दौरान वे अपने पुत्र के साथ असंतुलित होकर गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान उनके पुत्र का हाथ छूट गया। घाट के अगल बगल खाफी खोजबीन के बाद भी वह नही मिला तो उसके डूबने की सूचना सरायपोख्ता चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार दुबे को दी गई। जानकारी होते ही वह पुलिस फोर्स व गोताखोरों के साथ गूलर घाट पर पहुंच गए। गोताखोर बालक को ढूढ़ रहे थे इसी दौरान गोताखोर लालचन्द निषाद 52 वर्ष निवासी नखास नदी के गहरे पानी मे चला गया। जिससे उसकी भी मौत हो गई। साथी गोताखोरों द्वारा उसके शव को नदी से बाहर निकाला गया। परिजनों में घटना की सूचना होते ही कोहराम मच गया। प्रशासन में भी अफरा तफरी मच गई। गोताखोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि अभी तक बालक की तलाश जारी है।