डीजल रेल इंजन कारखाना के कार्मिक विभाग में महिलाओं की स्थिति पर हुआ मंथन
डीजल रेल इंजन कारखाना कार्मिक विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय प्राविधिक प्रशिक्षण केन्द्र प्रेक्षागृह में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वाराणसी, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डीजल रेल इंजन कारखाना कार्मिक विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय प्राविधिक प्रशिक्षण केन्द्र प्रेक्षागृह में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना गौड़, संस्थापक, सोशल ऐक्शन व रिसर्च सेंटर, वाराणसी ने अपने व्याख्यान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए महिला डीरेका कर्मियों को शुभकामनाएं दी। वहीं महिलाओं को और अधिक सशक्त होने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर उन्होंने सावित्री बाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिवेश पर महिलाओं की दशा एवं दिशा को उकेरा।
इस अवसर पर डीरेका की महिला कर्मियों ने भी महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त की। साथ ही गीत, गजल एवं काव्य पाठ आदि के माध्यम से महिलाओं की व्यथा, संघर्ष एवं स्वाभिमान को उजागर किया।इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना गौड़ द्वारा दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी, स्टाफ सहित डीरेका की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।