दिनेश लाल यादव निरहुआ ने दिलायी भाजपा की सदस्यता, लिया सेवा का संकल्प
भोजपुरी सिनेस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के नेतृत्व में बुधवार को रेशमी नगरी मुबारकपुर में भाजपा सदस्यता अभियान चला।
आजमगढ़, जेएनएन। भोजपुरी सिनेस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के नेतृत्व में बुधवार को रेशमी नगरी मुबारकपुर में भाजपा सदस्यता अभियान चला। इस दौरान हिंदू व मुस्लिम समुदाय से सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। पार्टी के पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी।
भाजपा की ओर से मुबारकपुर के पूराबाग स्थित पंडाल में आयोजित इस कार्यक्रम में निरहुआ को देखने के लिए खासी भीड़ जुटी थी। सदस्यता के साथ ही निरहुआ के साथ सेल्फी लेने की होड़ मची रही।
सदस्या अभियान के दौरान ही भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मोहम्मद सद्दाम के कटरा में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान निरहुआ ने कहा कि चुनाव के दौरान ही हमने वादा किया था कि हम हारे या जीते आजमगढ़ नहीं छोड़ेंगे। इसी कड़ी में आपके साथ खड़ा हूं। आपका दुख दर्द हमारा है। कहाकि बुनकर बाहुल्य कस्बा मुबारकपुर एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है। प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ की ओर से बुनकरों के उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही हैं। मुबारकपुर की पहचान रेशमी साडिय़ों से हैं। इसको ब्रांड दिलाने की दिशा में प्रयासरत हूं। हम नेता रहे या न रहें लेकिन जनता की सेवा करना मेरे जीवन का मुख्य लक्ष्य है। भाजपा के जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। साथ ही मोदी के विश्व गुरु होने के कारण आज पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप