घरानों के पॉकेट से पार्टी को निकालें दीदी, प्रियंका से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाई गुहार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में जिला व महानगर संगठन के गठन को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही हैं।
वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में जिला व महानगर संगठन के गठन को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही हैं। उन्होंने यहां के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया है। इसमें कुछ कार्यकर्ताओं ने संगठन को घरानों के पॉकेट का बताते हुए उसे बाहर निकालने के लिए अनुरोध किया है।
संगठन को लेकर बीते दिनों दिल्ली बुलाए गए पांच कार्यकर्ता जब प्रियंका के समक्ष पहुंचे तो हालचाल के बाद सीधे संगठन को लेकर सवाल हुए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बनारस कांग्रेस के जिला व महानगर पदाधिकारी घरानों के पॉकेट से निकले हैं। इसलिए जमीनी स्तर पर बड़ा आंदोलन नहीं खड़ा हो सका। कहना था कि कोई ऐसा मुद्दा नहीं खड़ा किया गया जिस पर अडिय़ल रवैया अपनाया जाए। कांग्रेस संगठन की ओर से जो भी विरोध प्रदर्शन हुए, वह ज्ञापन सौंपने तक आंदोलन चला। जिला मुख्यालय पर बीते तीन-चार सालों में कांग्रेस ने जोरदार दस्तक नहीं दी। संख्या बल कम होने की आशंका के ग्रसित पदाधिकारी छोटे-छोटे पार्कों तक विरोध प्रदर्शन करते रहे। एक नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन को उल्लेखित किया। कहना था कि इस प्रदर्शन में प्रदेश सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेताओं को कई धाराओं में फंसाया है। कार्यकर्ताओं ने जिले में व्याप्त कई मुद्दों पर प्रियंका वाड्रा का ध्यान आकर्षित कराया है। फिलहाल, दीपावली से पहले बनारस कांग्रेस के जिला व महानगर संगठन के गठन की उम्मीद जताई जा रही है।
पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रिंयका जी, की ओर से जो भी कवायद हो रही है वह बेहतरी के लिए हो रही है। बहुत जल्द ही बनारस कांग्रेस के जिला व महानगर कमेटियों का गठन हो जाएगा।