लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी देवेंद्र राय का ट्रेन में छूटा था मोबाइल, आरपीएफ की सजगता से मिला वापस
बनारस रेल मंडल के थावे आरपीएफ पोस्ट ने ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन में छूटा 30 हजार रुपये का वनप्लस ...और पढ़ें

आरपीएफ की मुस्तैदी से यात्री को मिला ट्रेन में छूटा 30 हजार का वनप्लस मोबाइल।
HighLights
आरपीएफ ने ऑपरेशन अमानत के तहत मोबाइल लौटाया।
ट्रेन में छूटा 30 हजार का वनप्लस फोन बरामद।
यात्री ने आरपीएफ की सजगता की सराहना की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस रेल मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट थावे की टीम ने आपरेशन अमानत के तहत ट्रेन में छूटा 30 हजार रुपये कीमत का वनप्लस मोबाइल उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया। मोबाइल वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ की सराहना करते हुए आभार जताया। सीनियर कामनदेंट पंकज चुघ ने फोर्स के कार्य की सराहना की है।
आरपीएफ के अनुसार, बुधवार को डीएससीआर (रेलवे के डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम) वाराणसी से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15113 के बी-2 कोच की बर्थ संख्या 68 पर एक यात्री का मोबाइल छूट गया है।
ट्रेन के थावे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार ने संबंधित कोच की जांच की। इस दौरान बर्थ पर सफेद रंग का वनप्लस मोबाइल मिला। जवान ने मोबाइल को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पर जमा करा दिया।
मोबाइल स्वामी लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी देवेंद्र राय अपने भतीजे सुब्रत राय के साथ आवश्यक दस्तावेज लेकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। टिकट, शिकायत संदर्भ संख्या और अन्य दस्तावेजों का मिलान करने के बाद मोबाइल उन्हें सौंप दिया गया।
देवेंद्र राय ने बताया कि तमकुही रोड स्टेशन पर जल्दबाजी में उतरने के दौरान मोबाइल ट्रेन में ही छूट गया था। ट्रेन चलने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने भतीजे के मोबाइल से शिकायत दर्ज कराई थी। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने आरपीएफ के प्रति आभार जताया।
