करेंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, आंगन में बंधे लोहे के तार पर गिला कपड़ा फैलाते समय हुआ हादसा
बैरिया थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह करेंट की चपेट आने से पति- पत्नी की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
बलिया, जेएनएन। बैरिया थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह करेंट की चपेट आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
रामबाबू सोनी की पत्नी सरस्वती (48) सुबह स्नान करने के बाद आंगन में लगे लोहे के तार पर कपड़ा सुखाने के लिए फैला रही थी। इसी बीच उसमें उतरे करेंट की चपेट में वह आ गईं। इससे वह तड़फडाने लगी, यह देखकर कुछ दूर पर खड़े उसके पति रामबाबू (55) बचाने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान वह भी करेंट की चपेट में आ गए। इस बीच परिवार के अन्य सदस्य पहुंच गए और किसी तरह दोनों को करेंट से अलग किए। इसके बाद तत्काल दोनों को उपचार के लिए सोनबरसा अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। एसएचओ संजय त्रिपाठी ने मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद विद्युत विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी अथवा कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों के अनुसार आंगन में कपड़ा फैलाने के लिए बंधे लोहे के तार में बिजली का तार किसी तरह सट गया था। इसके कारण उसमें करेंट प्रवाहित हो गया। इसके कारण नहाने के तुरंत बाद नंगे पैर व गिले कपड़े होने के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।