रामदयालगंज बाजार में गोलीबारी में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत : Jaunpur news
घात लगाकर पीछा कर रहे स्कार्पियो सवार हमलावरों ने रामदयालगंज में ओवरटेक कर रोकने के बाद किया था हमला।
जौनपुर, जेएनएन। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते गोलीबारी में घायल युवक की शुक्रवार देर रात वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई।
रामपुर थाना क्षेत्र के पट्टी जमालापुर गांव निवासी सौरभ सिंह (40) पुत्र स्व. ओम प्रकाश सिंह उर्फ बच्चा सिंह सोमवार रात 11बजे स्कार्पियो से किसी कार्यक्रम में शामिल होने जौनपुर आ रहे थे। घात लगाकर पीछा कर रहे स्कार्पियो सवार हमलावरों ने रामदयालगंज में ओवरटेक कर रोकने के बाद हमला कर दिया। ताबड़तोड़ गोलीबारी में सौरभ को दो गोलियां लगीं। एक गोली पेट को बेंधती हुई निकल गई। हमलावरों की पिटाई से उनके दो साथी राजन सिंह व भुवनेश सिंह घायल हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से बाजार में दहशत का माहौल बन गया। हमलावर फरार हो गए। घायलों को लोगों ने आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए डाक्टरों ने सौरभ और भुवनेश को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन परिजनों ने वहां ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की रात 12 बजे सौरभ सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस घटना के बाद से ही दावा कर रही है कि हमलावरों से मारपीट के दौरान मुख्य आरोपित जमालापुर पट्टी गांव के ही निवासी रोशन सिंह के सरकारी गनर अमरजीत से छीनाझपटी में उसकी कारबाइन से गोलियां चल गई थीं। घटना के करीब 24 घंटे बाद लाइन बाजार थाना पुलिस ने राजन सिंह की तहरीर पर रोशन सिंह व उसके भाई राहुल सिंह और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रोशन सिंह के चाचा जटा शंकर सिंह की वर्ष 2017 में हत्या कर दी गई थी। इसी के बाद उसे सुरक्षा के लिए सरकारी गनर मिला था। पुलिस नामजद आरोपित सगे भाइयों रोशन व राहुल को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद घायल सौरभ सिंह की तरफ से गुरुवार को तहरीर भेजी गई जिसमें रोशन व राहुल के अलावा चार और आरोपित नामजद किए गए। पुलिस पहले से दर्ज एफआइआर में अन्य आरोपितों का नाम जोड़कर विवेचना कर रही है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने कहा घायल सौरभ सिंह की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप