युवक का शव तालाब से बरामद, दोस्त लापता, दोनों देर रात लौट रहे थे बाइक से घर
युवक का शव तालाब में पड़ा मिला जबकि उसका दोस्त लापता है। दोनों सोमवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक भी तालाब किनारे पड़ी मिली।
चंदौली, जेएनएन। युवक का शव तालाब में पड़ा मिला जबकि उसका दोस्त लापता है। दोनों सोमवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक भी तालाब किनारे पड़ी मिली। दोस्त के भी तालाब में होने की आशंकावश ग्रामीणों ने तलाश की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकलने से उसके सकुशल होने की उम्मीद फिलहाल बरकरार है। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एएसपी रमेश चंद्र ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन देखा एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत दिनदासपुर गांव निवासी कमलाकांत के पुत्र रामानंद कुशवाहा (32) अपने दोस्त मनीष यादव उर्फ बुलंद के साथ सकलडीहा गए थे। जानकारी के मुताबिक दोनों दोस्त देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। उनके आधी रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। घबराए परिजन ढूंढ़ने निकले तो ओरवां मार्ग के निकट तालाब किनारे बाइक पड़ी मिली। अनहोनी की आशंका पर परिजन तालाब में गौर से देखा तो रामानंद औंधे मुंह पड़े मिले। उन्हें आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। लापता मनीष यादव की तलाश अब भी जारी है।
इलाकाई पुलिस भी लापता युवक को अपने तरीके से ढूंढ़ने में जुट गई है। चिकित्सक के मृत बताते हुए रामानंद के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पीड़ित पत्नी शीतल देवी को गोद में पांच वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र को लिए बिलखता देख लोगाें की आंखें नम हो गईं। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि प्राथमिकता दूसरे युवक को सकुशल बरामद करने की है। बोले घटना के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहना मुश्किल है।