गाजीपुर में पेड़ की टहनी से फांसी के फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, मौत काे पुलिस मान रही संदिग्ध
बरेसर थाना क्षेत्र के सूरजीपट्टी गांव के बाहर बागीचे में पेड़ की टहनी पर फांसी के फंदे से लटकता गुड्डू यादव (35) का शव शनिवार को बरामद होने के के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
गाजीपुर, जेएनएन। बरेसर थाना क्षेत्र के सूरजीपट्टी गांव के बाहर बागीचे में पेड़ की टहनी पर फांसी के फंदे से लटकता गुड्डू यादव (35) का शव शनिवार को बरामद होने के के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस मौत को संदिग्ध मानकर छानबीन में जुटी हुई है।
सूरजी पट्टी गांव के ग्रामीण सुबह टहलने के लिए बागीचे की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जामुन के पेड़ की टहनी पर फांसी के फंदे से लटकते युवक के शव पर पड़ी। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। शव की शिनाख्त ग्रामीणों ने दहेंदु गांव निवासी गुड्डू यादव के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गुड्डू सुबह करीब चार बजे साइकिल लेकर बिना कुछ बताए घर से निकल गया, इसके बाद कोई जानकारी नहीं मिली। इधर पति के मौत की जानकारी होते ही मायके गई पत्नी रोते-बिलखते थाने पहुंची और मौत की जानकारी ली।