जौनपुर में खेत में जाने पर दबंगों ने काट लिया गाय का पैर, मुकदमा दर्ज Jaunpur news
जमुआ गांव में निरीह पशु के साथ निर्ममता का एक मामला सामने आया है। गाय एक व्यक्ति के खेत में जाकर चरने लगी तो कुछ लोगों ने धारदार हथियार से पैर ही काट दिया।
जौनपुर, जेएनएन। चंदवक थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में निरीह पशु के साथ निर्ममता का एक मामला सामने आया है। गाय एक व्यक्ति के खेत में जाकर चरने लगी तो कुछ लोगों ने धारदार हथियार से पैर ही काट दिया। डंडे से जमकर गाय की पिटाई भी की। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है।सोमवार की रात जमुआ गांव निवासी त्रिभुवन की गाय खूंटे से छुड़ाकर गांव के ही लालजी के खेत में चली गई। यह बात खेत मालिक को नागवार लगी और अपने लोगों के साथ मिल कर लाठी डंडे से गाय की पहले तो पिटाई की फिर धारदार हथियार से पैर काट दिया।
सुबह होने पर पशुपालक ने जब गाय को खूंटे पर नही देखा तो ढूंढने का प्रयास किया। घर से कुछ दूरी पर गाय को अधमरे हालत में पाया। पशुपालक ने बताया कि उसने जब इसकी शिकायत लालजी से की तो वह उनसे उलझ गया। बताया कि गाय के पेट में पांच माह का बच्चा भी है। पीड़ित ने इसकी सूचना लिखित में चंदवक थाने पर दी। पुलिस ने लालजी, लालचंद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और उनकी तलाश कर रही है। एसओ चंदवक ओम नारायण सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप