बैंक हड़ताल टलने से ग्राहकों को मिली राहत, कर्मचारियों से संभाला काउंटर तो आर्थिकी को मिली गति
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है, जिससे ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। ...और पढ़ें

वाराणसी में बैंक हड़ताल टली, ग्राहकों को मिली राहत, बैंकिंग सेवाएं सामान्य।
HighLights
यूएफबीयू की तीन दिवसीय बैंक हड़ताल रविवार देर रात टली।
ग्राहक सोमवार से सामान्य रूप से सभी बैंकिंग कार्य कर सकेंगे।
आईबीए और यूएफबीयू के बीच आपात बैठक में फैसला हुआ।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल रविवार की देर रात टाल दी गई। इससे ग्राहकों होने वाली परेशानी से राहत मिली है।
स्टेट बैंक आफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन वाराणसी परिक्षेत्र के उप महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आइबीए) व यूएफबीयू के बीच रविवार की रात आपात बैठक में हड़ताल स्थगित की गई है। कर्मचारी सोमवार से अपने-अपने बैंकों में निर्धारित समय पर पहुंच कर ड्यूटी करेंगे।
उधर रविवार को बंदी के दिन भी बैंक खुलने से बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर अपना बैंकिंग कार्य निबटाए। वाराणसी में सामान्य दिनों में करीब 800 करोड़ रुपये का बैंकिंग लेनदेन होता है। जबकि सोमवार को भी काउंटर खुले तो ग्राहकों की सामान्य भीड़ नजर आई।
मालूम हो कि पहली बार रविवार को आम ग्राहकों के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खोले गए थे। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई थी।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल से पहले शनिवार और रविवार का अवकाश पड़ रहा था। लगातार कई दिन बैंकिंग सेवाएं बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी न हो, इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के निर्देश पर अतिरिक्त बैंकिंग सुविधा दी गई।
शाखाओं में रुपये जमा करने, निकासी, चेक और दूसरे बैंकिंग काम के लिए ग्राहक पहुंचे। कर्मचारियों ने काउंटर संभाले और सामान्य दिनों की तरह काम निपटाया। यूपीआइ, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल बढ़ने से शाखाओं पर अतिरिक्त दबाव नहीं दिखा। रोजमर्रा के कई लेनदेन डिजिटल माध्यम से होने के कारण रविवार को भी ग्राहकों की भीड़ सामान्य रही।
