गोवा में बनकर तैयार क्रूज अब 10 फरवरी तक पहुंचेगा बनारस, राजघाट से अस्सी के बीच चलेगा क्रूज
काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही सरकारी क्रूज चलेगा क्रूज निर्माण गोवा में लगभग पूरा हो चुका है।
वाराणसी, जेएनएन। काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही सरकारी क्रूज चलेगा। क्रूज निर्माण गोवा में लगभग पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम की मानें तो अगले माह 10 फरवरी तक क्रूज बनारस आ जाएगा। भीतरी साज सज्जा के बाद पर्यटकों के लिए गंगा में चलने लगेगा। अभी निजी कंपनी की ओर से गंगा में क्रूज संचालन किया जा रहा है।
राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक आरबी सिंह ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित गोवा शिपिंग यार्ड ने क्रूूज तैयार कर लिया है। इसमें 100 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था है। इसमें एक मंजिल वातानुकूलित और ऊपरी मंजिल खुली होगी। पर्यटन विभाग की ओर से क्रूज संचालन के लिए 10.71 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया था। इसके लिए कई बार टेंडर के बाद भी कंपनियों के आगे न आने पर इसकी जिम्मेदारी गोवा शिपिंग यार्ड को दी गई थी।
इसका संचालन पर्यटन निगम से कराने के लिए पर्यटन विभाग पहले ही शासन को पत्र लिख चुका है। निगम ही पर्यटकों के बैठने के लिए दर का भी निर्धारण करेगा। इसे अस्सी से राजघाट के बीच चलाया जाएगा। इसके लिए दोनों स्थानों पर जेटी बनाई जाएगी। साथ में यहां टिकट काउंटर होगा। क्रूज में आडियो सिस्टम होगा जो बनारस के घाटों के बारे में विस्तार से जानकारी देगा।