विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया अखरी से भिखारीपुर मार्ग, सड़क में गड्ढे और जलजमाव से पलट रहे आटो और बाइक सवार

By Ravi PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 07 Sep 2026 02:07 PM (IST)

बनारस में नेशनल हाइवे 19 पर अखरी से भिखारीपुर मार्ग बारिश और जलजमाव के कारण अत्यंत खराब हो गया है। ...और पढ़ें

HighLights

  1. नेशनल हाइवे 19 पर अखरी से भिखारीपुर मार्ग खराब।

  2. बारिश और जलजमाव से सड़क पर बड़े गड्ढे।

  3. भ्रष्टाचार और लापरवाही से वाहन पलट रहे हैं।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस की चमक दमक को बार‍िश और जलजमाव ने इन द‍िनों धो रखा है। नेशनल हाइवे 19 पर अमरा अखरी से भिखारीपुर तक बनी सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है।

गड्ढों और जलजमाव के कारण आटो और बाइक सवार अक्सर पलट रहे हैं। सोमवार को अवलेशपुर में एक मालवाहक आटो सामान सहित पलट गया, जिससे पीछे आ रहा एक बाइक सवार भी गिर गया। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर आटो और बाइक सवार को उठाया।

पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर सड़क पर गिट्टी डालकर मरम्मत की गई थी, लेकिन वह भी बरसात में बह गई। जुलाई 2025 में सड़क किनारे केबल डालने के लिए गड्ढा खोदा गया, लेकिन सड़क का निर्माण न होने के कारण यह गड्ढा जलनिकासी की समस्या का कारण बन गया।

सड़क किनारे की कालोनियों का पानी पंप लगाकर सड़क पर बहाया जा रहा है। पिछले एक महीने से जलजमाव की समस्या बनी हुई है और गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण सड़क निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।

समस्या को दैनिक जागरण ने 7 अगस्त को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर जाकर नगर निगम, जलकल और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने समाधान के लिए टैंकर लगवाया और गड्ढों में गिट्टी डालकर स्थिति को सुधारने का प्रयास किया।

लेकिन लगातार बरसात के कारण गिट्टियां बिखर गईं और स्थिति पहले से भी बदतर हो गई। महापौर के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के एक्सियन आशुतोष सिंह ने 10 अगस्त को सड़क निर्माण में अनियमितता और लापरवाह ठेकेदार तथा फर्म के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया।

अखरी से भिखारीपुर मार्ग की स्थिति न केवल राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है, बल्कि यह भ्रष्टाचार और विभागीय लापरवाही का भी एक उदाहरण है। स्थानीय निवासियों की मांग है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि लोगों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।