Coronavirus Update Varanasi में 18 नए केस मिलने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची 146, 72 हॉटस्पाॅट
वाराणसी में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर के हमराही समेत 18 लोगों की कोरोना से संबंधित रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है।
वाराणसी, जेएनएन। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर के हमराही समेत 18 लोगों की कोरोना से संबंधित रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। 18 में 16 मुंबई और एक अहमदाबाद से लौटा युवक कोरोना संक्रमित है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि रविवार को बीएचयू लैब से 294 लोगों की रिपोर्ट आई है। इसमें कोरोना के 18 नए केस सामने आए हैं। इनमें एक मीरजापुर का रहने वाला है।
18 नए केस में एक पुलिस कांस्टेबल और 17 प्रवासी हैं। क्षेत्राधिकारी सदर के हमराही 24 वर्षीय सिपाही समेत सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नए केस सामने आने के बाद 12 और नए हॉटस्पाट घोषित कर संबंधित गांवों को सील कर दिया गया है। जिले में अब तक कुल 4687 सैंपल लिए जा चुके हैं जिसमें 4239 की रिपोर्ट आ चुकी है। 448 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
नौ थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं 17 प्रवासी
17 प्रवासियों में दो थाना चौबेपुर, दो थाना फूलपुर, पांच थाना चोलापुर, दो थाना रामनगर, एक बड़ागांव, एक कपसेठी, एक भेलूपुर, दो लोहता और एक थाना जंसा के रहने वाले हैं। 17 प्रवासी मरीजों में 16 मुंबई से एवं एक अहमदाबाद से वापस आया है ।
कोई चलाता था आटो तो कोई ओनजीसी में करता था काम
मुंबई और अहमदाबाद से लौटे कोरोना संक्रमित प्रवासियों में से कोई आटो चलाता था तो कोई ओनजीसी में काम करता था। मुंबई से लौटा चौबेपुर के भरथराकलां का रहने वाला 48 वर्षीय अधेड़ वहां आटो चलाता था। फूलपुर के सिंधोरा का रहने वाला 25 वर्षीय दूसरा मरीज मुंबई से ट्रेन से वाराणसी आया था। 29 वर्षीय तीसरा मरीज ग्राम जगदीशपुर थाना चोलापुर का निवासी है जो मुंबई से ऑटो चलाकर घर पहुंचा था। मुंबई में यह पेंटिंग का काम करता था। मुंबई से लौटा 24 वर्षीय चौथा व्यक्ति चोलापुर के जगदीशपुर गांव का रहने वाला है। मुंबई में एमआर था और ट्रेन से वाराणसी आया था। मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाला 38 वर्षीय पांचवा मरीज चोलापुर के पहाड़पुर का रहने वाला है। मुंबई से पिकअप से वाराणसी आया था।
बौलिया, बड़ागांव का रहने वाला 22 वर्षीय छठा मरीज मुंबई में मजदूरी करता था और ट्रेन से वाराणसी आया था। मुंबई में रिक्शा चलाने वाला 40 वर्षीय सातवां मरीज हरीभनपुर थाना कपसेठी का रहने वाला है। लॉकडाउन के बाद ट्रक से बनारस आया था। लोहता के सरवनपुर का रहने वाला 42 वर्षीय आठवां मरीज मुंबई में आटो चलाता था और आटो चलाकर ही वाराणसी आया था। नौवां कोरोना संक्रमित हीरामनपुर थाना फूलपुर का रहने वाला है। मुंबई में कपड़े की दुकान है। 25 वर्षीय युवक कार से मुंबई से वाराणसी आया था। मुंबई से कोरोना लेकर लौटा 10वां मरीज लोहता के बिहलपुर गांव का रहने वाला है। ट्रेन द्वारा मुंबई से वाराणसी आया। वहां मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था।
ओएनजीसी मुंबई में काम करने वाला 34 वर्षीय 11वां मरीज गुरुधाम कॉलोनी थाना भेलूपुर का रहने वाला है और ट्रेन से आया था। 26 वर्षीय 12वां मरीज ग्राम बरनी थाना जंसा का रहने वाला है। मुंबई में मजदूरी करने वाला कोरोना संक्रमित युवक ट्रक से घर आया था। मुंबई से लौटा 30 वर्षीय 13वां मरीज चौबेपुर के उमरहां का रहने वाला है। मुंबई में ड्राइविंग करता था और कार से वाराणसी आया था। मुंबई में अकाउंटेंट का काम करने वाले 22 वर्षीय युवक गहुरा थाना चोलापुर का निवासी है। ट्रेन से मुंबई से वाराणसी आया था।
मामा के साथ भांजा भी पॉजिटिव
रामनगर के सूजाबाद का रहने वाला 38 वर्षीय युवक मुंबई में मजदूरी करता था और ट्रेन से आया था। इसके साथ उसका 28 वर्षीय भांजा जो मीरजापुर का रहने वाला है, ट्रेन से साथ में वाराणसी आया था। जांच में वह भी पॉजिटिव मिला है। वर्तमान में भांजा अपने मामा के घर सूजाबाद पड़ाव में ही रुका है, उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 17 संक्रमित प्रवासियों में एक अहमदाबाद से लौटा है जो चोलापुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर खुर्द का रहने वाला है। अहमदाबाद में मजदूरी करने वाला 21 वर्षीय युवक ट्रेन से वाराणसी से आया था।
दो मरीज स्वस्थ्य, एक्टिव केस 60
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय एवं बीएचयू में भर्ती दो मरीजों का कोरोना से संबंधित दूसरा फालोअप परिणाम निगेटिव आया है। बीएचयू और डीडीयू में भर्ती दोनों मरीजों को स्वस्थ घोषित करते हुए डिस्चार्ज घोषित कर दिया गया। इस प्रकार जनपद मे कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 146 हो गई है। 82 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 60 है।
12 नए हॉटस्पाट, 22 ग्रीन जोन में, सूजाबाद फिर रेड जोन में आया
ग्रीन जोन में शामिल सूजाबाद में रविवार को एक केस आने के बाद उसे ग्रीन सूची से निकालकर फिर से रेड जोन में शामिल कर दिया गया। सिंधोरा एवं ग्राम हीरामनपुर थाना फूलपुर, ग्राम जगदीशपुर, गहूरा, पहाड़पुर एवं चौबेपुर खुर्द थाना चोलापुर, बोलिया थाना बड़ागांव, हरिभानपुर थाना कपसेठी, सरवनपुर एवं ग्राम बिहल्पुर थाना लोहता, गुरुधाम कॉलोनी थाना भेलूपुर एवं ग्राम बरनी थाना जंसा कुल 12 नए हॉटस्पॉट। जिले में अब कुल 72 हॉटस्पॉट हो गए है। 22 ग्रीन जोन में आ चुके है। 50 एक्टिव हॉटस्पॉट है। 50 एक्टिव में से 6 ऑरेंजजोन में एवं 44 रेड जोन में है।