Corona Vaccine in Varanasi : पहली डोज का टीका लगवाने के लिए कोविन पोर्टल पर रात आठ बजे कराएं पंजीयन
लाभार्थियों को cowin.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अपने नजदीकी केंद्र का स्लाट बुक कराना होगा। फोटो पहचान पत्र के साथ निर्धारित टीकाकरण केंद्र पर पहुंचें और टीका लगवान सुनिश्चित करें। स्लाट बुक करने वालों को अगले कार्यदिवस पर निर्धारित केंद्र पर टीका लगाया जाएगा।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देशन में कोविड-19 टीकाकरण महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रात आठ बजे कोविन पोर्टल खोला जाएगा। पहली डोज लगवाने वाले इच्छुक लाभार्थी अपने मोबाइल से या जन सेवा केंद्र से अपना रजिस्ट्रेशन कर स्लाट जरूर बुक कर लें। स्लाट बुक करने वालों को अगले कार्यदिवस पर निर्धारित केंद्र पर टीका लगाया जाएगा।
लाभार्थियों को cowin.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अपने नजदीकी केंद्र का स्लाट बुक कराना होगा। फोटो पहचान पत्र के साथ निर्धारित टीकाकरण केंद्र पर पहुंचें और टीका लगवान सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीबी सिंह ने बताया कि प्राप्त निर्देशानुसार वे नागरिक जो कोविड टीकाकरण का प्रथम डोज लगवाना चाहते हैं, उन्हें अब पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। पंजीयन के बाद स्लाट बुक कराकर टीकाकरण स्थल पर आने वाले नागरिकों को ही टीका लगाया जायेगा। पोर्टल पर स्लॉट रात आठ बजे खोले जा रहे हैं। सभी लाभार्थी अपना स्लॉट अवश्य बुक करा लें और अपने शेड्यूल के अनुसार ही अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे। सीएमओ डा. सिंह ने बताया कि जनपद में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। महिलाएं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपना टीकाकरण करा सकती हैं। महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र के लिए भी प्रतिदिन स्लाट खोले जाएंगे। इसमें पंजीकृत लाभार्थियों को अगले कार्य दिवस में टीका लगाया जाएगा।