दिल्ली व महाराष्ट्र की गलतियों से कोरोना तेजी से फैला, बोले- भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी
पूर्वांचल बनने का जो सपना यहां के लोगों का था वह आज सच साबित हो रहा। दिल्ली व महाराष्ट्र की गलतियों से कोरोना तेजी से फैला।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल बनने का जो सपना यहां के लोगों का था वह आज सच साबित हो रहा। दिल्ली व महाराष्ट्र की गलतियों से कोरोना तेजी से फैला। ऐसी गलतियां यहां के लोग न करें। कोरोना संक्रमण काल में बनाए गए नियमों का पूरी तरह से पालन सभी को करना होगा। उक्त बातें बुधवार की दोपहर चौबेपुर के गोपालापुर गांव में चल रहे चतुर्मास यज्ञ में शिरकत करने आए भोजपुरी फिल्म अभिनेता व दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सांसद मनोज तिवारी ने कही।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना के कहर से जुझ रहा है लेकिन भारत इस जंग में विजयी होगा। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के विकास के चलते पूर्वांचल का सपना जो हम लोगों ने देखा था वह आज सच साबित हो रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनेगा। भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास जारी है। पूर्वांचल में खास तौर से हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। आने वाले दिनों और तेजी से विकास सभी क्षेत्रों में होगा। कोरोना संकमण के दौर में मुंबई व दिल्ली से आए प्रवासी लोगों की हर संभव सहायता की जा रही है। उनकों राशन देने के साथ ही रोजगार की सुविधा भी प्रदेश सरकार दे रही है। प्रवासियों को कोई दिक्कत न हो इस पर पूरा ध्यान केंद्र व राज्य की ओर से रखा जा रहा है। समय-समय पर नई योजनाओं के साथ लोगों को आर्थिक व सामाजिक लाभ भी दिया जा रहा है। इससे विकास की गति बेहतर होगी। संक्रमित मरीजों को बेहतर इलाज कर उनकों स्वस्थ्य किया जा रहा है। बेहतर इलाज की प्रक्रिया लगातार जारी है।
भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी ने यज्ञ कर रहे स्वामी जियर महाराज का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। यहां पहुंचने पर यज्ञ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके साथ भाजपा नेता चंद्र कुमार मिश्र गुड्डू महाराज सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे।