Corona Infection in Varanasi : सर्वे में मिले 9055 कोविड लक्षण युक्त मरीज, किया गया होम आइसोलेट
सात से 16 सितंबर तक चले कोविड संवेदीकरण व संचारी रोग नियंत्रण विशेष अभियान में मिले कोविड जैसे लक्षणों वाले 9055 मरीजों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने तक उन्हें होम आइसोलेशन में ही रखा जाएगा। बीएचयू लैब में जांच बंद होने के बाद से सैंपलों की जांच का काम प्रभावित है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। Corona Infection in Varanasi : विगत सात से 16 सितंबर तक चले कोविड संवेदीकरण व संचारी रोग नियंत्रण विशेष अभियान में मिले कोविड जैसे लक्षणों वाले 9055 मरीजों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने तक उन्हें होम आइसोलेशन में ही रखा जाएगा। दरअसल, बीएचयू लैब में जांच बंद होने के बाद से सैंपलों की जांच का काम प्रभावित है। इसके चलते मंडलीय हास्पिटल की लैब में रोजाना करीब 1500 सैंपल भेजे जा रहे हैं। सर्वे के दौरान मिले लक्षणयुक्त मरीजों में से अभी तक करीब 50 फीसद का ही सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं रविवार तक शेष सैंपल भेजे जाएंगे। अगले सप्ताह आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मरीजों को स्वस्थ घोषित किया जाएगा।
दरअसल, कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुये शासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। इस क्रम में जिले में पोलियो की तर्ज पर कोविड संवेदीकरण व संचारी रोग नियंत्रण विशेष अभियान हाल ही में चलाया गया था। इसके तहत 638 टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों के चार लाख से अधिक घरों का भ्रमण कर 1.06 लाख लोगों का सर्वे किया गया, जिसमें 5631 व्यक्तियों में कोरोना जैसे लक्षण पाए गए। वहीं शहरी क्षेत्र में 460 टीमों ने करीब 2.31 लाख घरों का भ्रमण कर 56636 व्यक्तियों का सर्वे किया गया। इसमें 3424 व्यक्ति लक्षणयुक्त मिले। इसके अलावा सर्वे में बुखार के लक्षण वाले 6145 व्यक्ति, मलेरिया के लक्षण वाले 161 व्यक्ति मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। एसीएमओ डा. एके मौर्या ने बताया कि लक्षण वाले संदिग्ध होम आइसोलेशन में हैं। संबंधित क्षेत्र की स्वास्थ्य टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
आज केवल 47 केंद्रों पर ही लगेगा टीका
टीेकाकरण अभियान के तहत विगत एक सप्ताह से जहां रोजाना 90 से अधिक सत्र आयोजित कर लाभार्थियों को प्रतिरक्षित किया जा रहा था, वहीं शुक्रवार, 24 सितंबर के लिए जनपद के केवल 47 केंद्र ही बनाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति इन दिनों प्रभावित है। जिले में सीमित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है, जिसके चलते कम टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सीएमओ डा. वीबी सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के 25, शहरी क्षेत्र के 18, दो वर्कप्लेस व एक-एक महिला एवं अंतरराष्ट्रीय स्पेशल केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय आयुर्वेदिक कालेज चौकाघाट, एसवीएम हास्पिटल भेलूपुर व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में केवल द्वितीय डोज का टीका लगेगा। कोविन पोर्टल पर सुबह आठ बजे से स्लाट खोले जाएंगे। वहीं सुबह 10 बजे से निर्धारित केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा।