पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसजनों ने रखा उपवास, ट्राली पर खींची बाइक
प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुकी कांग्रेस ने पोल खोल अभियान के तहत कचहरी स्थित शास्त्री घाट वाराणसी पर उपवास रखा।
वाराणसी, जेएनएन। प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुकी कांग्रेस ने पोल खोल अभियान के तहत गुरुवार को कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर उपवास रखा। सुबह नौ बजे ही जिला व महानगर के कार्यकर्ता पहुंच गए थे। इसमें फ्रंटल संगठन भी शामिल हुए। इस दौरान पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ भी आवाज बुलंद करते हुए ट्राली पर बाइक रखकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने खींचा।
इस दौरान जिला मुख्यालय तक जाने की कोशिश करने पर पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की हुई। पोल खोल आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री अजय राय व पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्र ने किया। डीजल व पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि, 69000 शिक्षक भर्ती व पशुपालन विभाग में हुए घोटाले की निंदा करते हुए उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की। प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार व अपराध वृद्धि का आरोप लगाया। उपवास के दौरान महात्मा गांधी की फोटो के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसीएम चतुर्थ मौके पर पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन्हें राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की।
इस मौके पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह, प्रमोद पांडेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, विजय शंकर पांडेय, बैजनाथ सिंह, डा. जितेंद्र सेठ, शैलेंद्र सिंह, फसाहत हुसैन, संजीव सिंह, मणींद्र मिश्रा आदि मौजूद थे। अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रभाकर तिवारी के निधन पर दो मिनट का मौन रख श्रद्धाजंलि दी गई।
पूर्वांचल के सभी जिलों में पेट्रोल व डीजल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस व सपाजन सड़कों पर उतरे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जहां ठेला गाड़ी तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में बैलगाड़ी खींचकर विरोध दर्ज कराया। अलग-अलग कार्यक्रमों के तहत दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में दर्जनों की संख्या में कलेक्ट्रेट में पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के अधिकारियों को सौंपा गया।