कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पात, राज घाट पर माला-फूल बचने वाली की चौकी तोड़ी, श्रद्धालुओं से धक्कामुक्की
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के बनारस आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात किया।
वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के बनारस आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात किया। राजघाट पर मोटर बोट में सवार होने को लेकर श्रद्धालुओं के साथ धक्कामुक्की की गई। कपड़ा बदल रही महिला श्रद्धालुओं का भी लिहाज नहीं किया गया।
वहीं माला-फूल बचने वाली बुद्धन देवी की लकड़ी की चौकी भी तोड़ दी। टूटी चौकी देखकर वह रोने लगी। कार्यकर्ताओं के बवाल काटने का क्रम यहीं नहीं थमा। श्रीमठ के बाहर भी आपस में भिड़ गए। बाबा दरबार में जाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों के साथ नोकझोंक की। बिना पास बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में प्रवेश रोकने पर नाराज हुए। सुरक्षा कर्मियों के साथ हाथापाई पर उतारू कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर नारेबाजी की।
गंगा में छपाक से गिरे लल्लू
राजघाट पर उत्साह से लबरेज कांग्रेस कार्यकर्ता इतने बेलगाम थे कि उनको राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों का भी संकोच नहीं था। गंगा के रास्ते प्रियंका के साथ पंचगंगा घाट तक जाने के लिए मोटर बोट पर सवार होना था। इसको लेकर कार्यकर्ताओं के बीच होड़ सी मच गई थी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू भी कार्यकर्ताओं के धक्कामुक्की से गंगा में किनारे गिर गए। संयोग था कि गंगा में खड़े सुरक्षा कर्मियों ने उनको संभाल लिया।
महिला नेता ने सुनाई खरी-खोटी
श्रीमठ में प्रियंका के साथ छात्रों का संवाद कार्यक्रम आयोजित था। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश स्तरीय महिला नेता श्वेता राय अपने पति व कांग्रेसी नेता विनय राय मुन्ना के साथ पहुंचीं। इस दौरान महानगर कमेटी के पदाधिकारियों की ओर से उनको अंदर नहीं जाने दिया गया। इस पर वह नाराज हो गईं और महानगर अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कांग्रेस छोडऩे का एलान कर दिया और अपने समर्थकों से भी पार्टी छोडऩे की अपील की। हालांकि देर शाम तक उनकी ओर से लिखित तौर पार्टी छोडऩे की कोई सूचना नहीं दी गई थी।