भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी फोटो लगाकर पास वितरित करने के मामले में कांग्रेस ने दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग
वाराणसी एयर शो के पास पर भाजपा नेताओं की फोटो लगाने के मामले में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने ...और पढ़ें

वाराणसी एयर शो पास विवाद भाजपा जनप्रतिनिधियों पर कांग्रेस की शिकायत।
HighLights
भाजपा जनप्रतिनिधियों द्वारा एयर शो पास पर फोटो लगाना।
कांग्रेस ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दोषी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने फोटो लगाकर पास वितरित किए जाने के मामले में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को कोतवाली थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए एफआईआर दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और गौरव के नाम पर किसी भी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि द्वारा अपना व्यक्तिगत प्रचार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सेना पूरे देश की है और उसका सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हो सकता।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भारतीय सेना के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। उनके अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और बलिदान के कारण ही देश का प्रत्येक नागरिक अपने घरों में सुरक्षित जीवन व्यतीत करता है। देश की रक्षा के लिए सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में डटे रहते हैं। ऐसे में सेना के शौर्य और पराक्रम की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है।

काशी की पावन धरती पर भारतीय वायुसेना के अद्भुत कौशल और सामरिक क्षमता को प्रदर्शित करने वाले एयर शो का हम हृदय से स्वागत करते हैं। यह प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पास जारी करने की व्यवस्था की गई थी। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन करना और प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। लेकिन वाराणसी में भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने फोटो लगाकर पास वितरित किए जाने का मामला सामने आया है।
यदि इन पासों को सक्षम प्रशासनिक प्राधिकारी से अधिकृत नहीं कराया गया था, यह गंभीर विषय है। प्रशासन को इसकी जांच कर स्पष्ट करना चाहिए कि पास किसने तैयार किए, किसके निर्देश पर वितरित किए गए और क्या उनके माध्यम से आम जनता को भ्रमित किया गया।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि यह सवाल केवल पास पर फोटो लगाने का नहीं, बल्कि भारतीय सेना के सम्मान और सार्वजनिक आयोजनों की गरिमा का है। यदि कोई जनप्रतिनिधि अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके किसी सरकारी अथवा सैन्य आयोजन से जुड़े पास पर अपनी तस्वीर लगाकर उसका वितरण करता है, तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है।
ऐसे कृत्यों से यह भ्रम पैदा हो सकता है कि संबंधित पास किसी जनप्रतिनिधि की ओर से जारी किए गए हैं या उनके राजनीतिक प्रभाव से लोगों को प्रवेश मिल रहा है। धोखेबाजी करके नियमों का उल्लंघन किए जाने वाले जिम्मेदार जनप्रतिनिधियो के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना का एयर शो देश की सैन्य शक्ति, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारे युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का वास्तविक दायित्व जनता की समस्याओं को उठाना, उनका समाधान कराना और अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम करना है। जनता ने उन्हें सेवा करने की जिम्मेदारी दी है, न कि प्रत्येक सार्वजनिक आयोजन में अपनी तस्वीर लगाकर राजनीतिक प्रचार करने की छूट।
कहा कि काशी की जनता जागरूक है और वह भारतीय सेना के सम्मान तथा राजनीतिक प्रचार के बीच के अंतर को अच्छी तरह समझती है। सेना के नाम पर किसी भी प्रकार का भ्रम फैलाना या जनता के विश्वास का राजनीतिक लाभ उठाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। किसी भी आयोजन की प्रवेश व्यवस्था प्रशासन के निर्धारित नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार ही होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, नियमों से ऊपर नहीं है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कोतवाली थाने में तहरीर देकर पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि जारी की गई पासों की जांच की जाए, उनके नमूने और वितरण से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किया जाए तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जाए।
