वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, बोले - 'बीजेपी में हैं बहुत दरारें, पहले अपनी दरारों को भरें'
पदाधिकारियों से मुलाकात कर प्रदेश और पूर्वांचल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही पूर्वांचल के रुझान पर भी मंथन किया। पदाधिकारियों से बातचीत कर उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन करने के साथ ही पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी में हैं बहुत दरारें, पहले वह अपनी दरारें भर लें। हर घर में झगड़े होते हैं। उनको बैठकर सुलझा लिया जाता है। यह हर पार्टी करती है। हमको शीर्ष नेतृत्व ने यूपी का घोषणा पत्र बनाने की जिम्मेदारी दी है। जिसके लिए मैं प्रदेश का दौरा कर रहा हूं। अलग-अलग लोगों से बात कर रहा हूं। हमनें बनारस के खिलाड़ियों, बुनकरों, व्यापारियों, आम नागरिकों से संवाद किया है। उनकी समस्याओं को हम अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमें नहीं लगता है कि हम पीएम के संसदीय क्षेत्र में हैं। शनिवार को स्मृति इरानी द्वारा लगाए गए आरोप पर उन्होंने कहा कि हम किसी का व्यवहार नहीं बदल सकते हैं। आरोप लगाना उनका स्वभाव है। ललितेश पति त्रिपाठी के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के सवाल पर कहा कि मान लीजिए उनको पोस्टकोविड हो गया है। वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और विजयी होगी।
वहीं एक दिन पूर्व वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर प्रदेश और पूर्वांचल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही पूर्वांचल के रुझान पर भी मंथन किया। पदाधिकारियों से बातचीत कर उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन करने के साथ ही पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा है। पार्टी सूत्राें ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का संदेश मिलने के बाद से ही पार्टी के आलाअधिकारी पूर्वांचल और वाराणसी का रुख कर चुनावी मूड को भांप कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही प्रियंका गांधी भी पूर्वांचल के दौरे पर आएंगी और चुनावी तैयारियों पर रुझान के अनुरूप ही प्रत्याशियों का चयन भी किया जाएगा।