बलिया में बाढ़ पर बोले विधायक सुरेंद्र सिंह - 'बाढ़ से हुए नुकसान का लोगों को मिलेगा पर्याप्त मुआवजा' Ballia news
बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों को दिया जाएगा।
बलिया, जेएनएन। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों को दिया जाएगा। इसके लिए प्रमुख सचिव से मिलकर मैंने आग्रह किया है, उन्होंने तत्काल इस बाबत कार्रवाई का भरोसा दिया है। विधायक बैरिया में रविवार को पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल नष्ट हुई है, जिनके घर कटान व बाढ़ से नष्ट हुए हैं उन्हे उनके नुकसान के अनुसार सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा।
बताया कि जो लोग कटान के कारण भूमिहीन हो गए हैं, उन्हें भी घर बनाने के लिए आवासीय भूमि का पट्टा उपलब्ध किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बाढ़ पीड़ितों को बिना भेदभाव के राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य पिछले एक पखवारे से चल रहा है। अगर कहीं कोई बाढ़ पीडित इससे वंचित हो तो वे बताएं, जरूरी कार्रवाई की जाएगी। सुरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कर गड्ढामुक्त करने का कार्य 15 अक्टूबर के बाद शुरू होगा।
कहा कि किसी भी सड़क को क्षतिग्रस्त नहीं रहने दिया जाएगा। इस कार्य की देखरेख भाजपा कार्यकर्ता करेंगे कि कहीं सड़कों की मरम्मत में अनियमितता न हो। दुबेछपरा- गोपालपुर रिंग बंधा कटने की घटना की जांच भी मेरे आग्रह पर होगी। साथ ही दुबेछपरा, गोपालपुर, उदईछपरा गांवों को कटान से बचाने के लिए पक्का कटानरोधी कार्य इस वर्ष गंगा में पानी कम होने पर होगा।