जौनपुर में दो वर्गों में हुई मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, तनाव के बीच 12 आरोपित हिरासत में
जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की सुबह दो वर्गों में मारपीट हो गई जिसमें तीन गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
जौनपुर, जेएनएन। जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की सुबह दो वर्गों में मारपीट हो गई, जिसमें तीन गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद बाजार में तनाव बढ़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है दो दिन पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमे पुलिस शांतिभंग में दो का चालान भी किया था।
नई बाजार निवासी प्रियांशु मोदनवाल सुबह नौ बजे कचगांव से कुछ दूर गया था। दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रियांशू को देखते ही मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की आवाज पर पहुंचे लोगों ने जब छुड़ाने का प्रयास किया तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद मौके पर ईंट-पत्थर भी चले। घायलों को आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे वर्ग के मसलाऊं और शमीम भी घायल हुए हैं। पुलिस के पहुंचने पर सभी फरार हो गए, जिसके बाद दबिश डालकर 12 लोगों को थाने पर ले जाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।