मंडुआडीह स्टेशन पर श्रमिकों का हंगामा, चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन और आगे जाने से किया मना
वाराणसी के मंडुआडीह स्टेशन पर मंगलवार को सुबह श्रमिकों ने जमकर हंगामा किया। ट्रेन में चेन पुलिंग कर आगे जाने से इनकार कर दिया।
वाराणसी, जेएनएन। मंडुआडीह स्टेशन पर मंगलवार को सुबह श्रमिकों ने जमकर हंगामा किया। ट्रेन में चेन पुलिंग कर आगे जाने से इनकार कर दिया। घंटों चले हंगामे के क्रम के बाद ट्रेन को वापस कैंट स्टेशन लाया गया। यहां रोडवेज की परिवहन सेवाओं से उन्हें घर भेजने का प्रबंध किया गया। ट्रेन में जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़ व चंदौली समेत आसपास जनपदों के लगभग साढ़े पांच सौ श्रमिक सवार थे।
गाड़ी संख्या- 09174 सूरत- गाजीपुर सिटी श्रमिक एक्सप्रेस बीती रात 12.10 बजे कैंट स्टेशन से होकर गुजरी। गाजीपुर सिटी स्टेशन पर स्थानीय के बजाय गैर जनपद के श्रमिको को उतरने की अनुमति नहीं दी गई। उन्हें उसी ट्रेन से वापस भेज दिया गया। रेलवे के रिकार्ड में एमटी हो चुकी इस ट्रेन को अगले दिन सुबह प्राम्भिक स्टेशन भेजा जा रहा था। इस बात की भनक लगते ही श्रमिक हैरान और परेशान हो गए। घर जाने की जिद पर अड़े जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़ व चंदौली समेत अन्य जिलों के लोग हंगामा करने लगे। मंडुआडीह स्टेशन पहुंचते ही हंगामा करना शुरू कर दिया। यात्रियों ने कहा कि वह भूखे प्यासे 36 घंटे की यात्रा कर रहे हैं। बच्चे को भी दूध नहीं मिला। उन्हें घर भेजने के बजाय इधर से उधर किया जा रहा है। प्लेटफार्म पर श्रमिकों की भारी भीड़ देख पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे। रेल अधिकारियों ने जिला प्रशासन से सम्पर्क किया। कुछ देर बाद श्रमिको को दोबारा कैंट स्टेशन लाकर रोडवेज की बसों से घर भेजने की सहमति बनी।
कैंट स्टेशन पर शुरू हुआ पूछताछ काउंटर
लॉकडाउन के चलते 27 मार्च से बंद कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ काउंटर को पुनः खोल दिया गया। राहत कार्य में जुटे जिला प्रशासन व रेलवे प्रशासन के कर्मचारियों की सुविधा के यह कदम उठाया गया है। ताकि उन्हें श्रमिक एक्सप्रेस की सूचनाएं मिल सके। प्रदेश भर में श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का फेरा बढ़ा दिया गया है। इसके तहत कैंट स्टेशन से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आठ- आठ घन्टे के शिफ्ट में यह काउंटर चलाये जाएंगे। स्टेशन निदेशक आनन्द मोहन सिंह ने बताया कि पूछताछ काउंटर से श्रमिक स्पेशल ट्रेन का लोकेशन बताया जा रहा है।