गिद्दा व भांगड़ा से निखरी लोक पर्व की रंगत, झनकते गीतों पर थिरकते नजर आए हर कोई
गिद्दा व भांगड़ा से निखरी लोक पर्व की रंगत प्रभु नारायण यूनियन क्लब और दैनिक जागरण का लोहड़ी उत्सव
वाराणसी, जेएनएन। छावनी क्षेत्र स्थित प्रभु नारायण यूनियन क्लब में सोमवार की शाम लोक पर्व लोहड़ी की रंगत निखरी। पीएनयू क्लब और दैनिक जागरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव में गिद्दा व भांगड़ा से उल्लास का रंग चटख हुआ और उमंग हिलोरें लेने लगा। युगल जोड़े डीजे पर झनकते गीतों पर थिरके तो मनमोहक नृत्य से परिवार के हर सदस्यों को झूमने पर विवश कर दिया। इस दौरान शानदार आतिशबाजी की गई जिसने पर्व के रंग का अहसास कराया। सभी ने बनारसी व्यंजनों का स्वाद लिया और खानपान के अन्य पकवानों को भी स्टालों पर चखने का लोभ संवरण न कर पाएं। इससे पहले क्लब अध्यक्ष अंबुज किशोर नारायण, संयोजक अशोक वर्मा, अनुज डिडवानिया व बलबीर सिंह बग्गा ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। बलवीर सिंह कोहली, स्वाति नारायण, सिमरनजीत कौर, श्रुति वर्मा, प्रीति बग्गा, मंजीत सिंह, विनय सिंह, राजीव सेंगर, सुरेंद्र सिंह, शंकर तोदी, यश कपूर, मनोज जाजोदिया, मयंक टकसाली, पप्पू दुबे व अवनिंदर सिंह पिंटू समेत कई परिवारों ने भागीदारी की।
विक्की-रजनी ग्रोवर और सुरेंद्र सिंह अव्वल
दैनिक जागरण व पीएनयू क्लब के लोहड़ी उत्सव में दो श्रेणियों में पुरस्कार भी दिए गए। इसमें बेस्ट कपल श्रेणी में विक्की-रजनी ग्रोवर प्रथम तो अजय- भावना साहनी को द्वितीय और शशि -रीना केडिया को तृतीय पुरस्कार दिया गया। प्रथम विजेता गोवा में थ्री नाइट स्टे का पुरस्कार मिला। इसके अलावा बेस्ट डांस में सरदार सुरेंद्र सिंह प्रथम और आल्या सिंह द्वितीय रहे।